नई दिल्ली/ब्रातिस्लावा (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यूरोपीय देश स्लोवाकिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से सम्मानित किया गया है। राजधानी ब्रातिस्लावा में आयोजित समारोह के दौरान उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी अब तक 32 देशों के सर्वोच्च सम्मान प्राप्त कर चुके हैं।

सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर खुशी जताते हुए कहा कि वह इस सम्मान के लिए स्लोवाकिया की सरकार और वहां के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है और इसे भारत-स्लोवाकिया की मजबूत एवं स्थायी मित्रता को समर्पित किया जाता है। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। दोनों नेताओं के बीच रक्षा, व्यापार और रणनीतिक सहयोग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी।
11 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर
बैठक के बाद भारत और स्लोवाकिया ने अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी (कॉम्प्रिहेंसिव पार्टनरशिप) के स्तर तक बढ़ाने का फैसला लिया। दोनों देशों के बीच प्रवासन, डिजिटल तकनीक, शिक्षा, रक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कुल 11 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको को भारत आने का निमंत्रण भी दिया। माना जा रहा है कि यह दौरा भारत और स्लोवाकिया के रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।

