कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा शहर के दर्री रोड क्षेत्र निवासी युवा प्रतिभा कृष अग्रवाल ने विश्वस्तरीय वित्तीय परीक्षा सीएफए लेवल-1 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वोच्च रैंकिंग हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे कोरबा अंचल में खुशी और गर्व का माहौल है।
कृष अग्रवाल, स्थानीय व्यवसायी एवं कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक सूरजभान अग्रवाल के सुपुत्र हैं। उन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कुल 1900 अंकों में से 1800 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि को वित्तीय शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सफलता माना जा रहा है। सीएफए (चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट) परीक्षा को वित्तीय क्षेत्र की विश्वस्तरीय और सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है। इस परीक्षा में दुनिया के कई देशों के छात्र हिस्सा लेते हैं और इसमें सफलता प्राप्त करना आसान नहीं माना जाता। ऐसे में कृष अग्रवाल का उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बन गया है। अपनी इस सफलता पर कृष अग्रवाल ने इसका श्रेय अपने दादा-दादी, माता-पिता, परिवारजनों और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन के कारण ही यह उपलब्धि हासिल कर सके।

