कोलकाता में हादसा : निर्माणाधीन गोदाम का शेड ढहा, 5 मजदूरों की मौत, 50 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका

      Date:

      कोलकाता (एजेंसी)। बुधवार दोपहर दक्षिण कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम का विशाल शेड अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से 55 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

          दक्षिण कोलकाता

          प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा दोपहर लगभग 1 बजकर 30 मिनट पर तारातला स्थित ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर हुआ। उस समय गोदाम में कंक्रीट ढलाई का काम चल रहा था और बड़ी संख्या में मजदूर काम में लगे हुए थे। अचानक लोहे के ढांचे और शेड के गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गई। राहत टीम ने मलबे में दबे 13 लोगों को बाहर निकाल लिया है, जिनमें से 9 घायलों को गंभीर हालत में उपचार के लिए कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आशंका है कि अभी भी कई मजदूर मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन दल, सिविल डिफेंस और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। भारी मलबे को हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई है, जबकि लोहे की मोटी छड़ों को गैस कटर की मदद से काटकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक मलबे के भीतर दबे लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, इसलिए राहत अभियान तेजी से जारी रखा गया है।

          ओडिशा के कारोबारी की जमीन पर बन रहा था गोदाम

          प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस जमीन पर गोदाम का निर्माण किया जा रहा था, वह ओडिशा के एक व्यवसायी की बताई जा रही है, जिसने यह भूमि एक निजी कंपनी को लीज पर दी थी। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।घटना के बाद राज्य सरकार ने आम लोगों और पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। सहायता के लिए 1070, 8697981070 तथा 033-22143526 / 22535185 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related