किसान मोर्चा मंत्री पर जानलेवा हमला, कार में तोड़फोड़, 60 हजार नकदी गायब

      Date:

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किसान मोर्चा के मंडल मंत्री पर निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में नशीले पदार्थों की सप्लाई का विरोध करना भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर भाजपा किसान मोर्चा नेता पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-रॉड से बुरी तरह पिटाई करने के साथ उनकी कार में जमकर तोड़फोड़ की। पीड़ित ने कार में रखे 60 हजार रुपए नगद गायब होने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

          किसान मोर्चा

          जानकारी के अनुसार रजगामार चौकी क्षेत्र के ग्राम भुलसीडीह निवासी कपिलेश्वर धीरज गांव में पोल्ट्री फार्म और किराना दुकान का संचालन करते हैं। वह भाजपा किसान मोर्चा कोरबा मंडल में मंत्री पद पर भी कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि करूमौहा निवासी अरुण खांडे निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में गांजा और शराब की सप्लाई करता था, जिसका ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे थे। बताया गया कि बुधवार रात करीब 9 बजे अरुण खांडे निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात कपिलेश्वर धीरज से हुई। कपिलेश्वर ने उसे नशीले पदार्थों की सप्लाई नहीं करने की समझाइश दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि अरुण ने तत्काल अपने 7-8 साथियों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने मिलकर कपिलेश्वर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने लाठी और लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई की, जिससे कपिलेश्वर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। इसके बाद भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने कार क्रमांक CG-12-BF-9233 में जमकर तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में घायल कपिलेश्वर को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित के अनुसार कार में व्यापारियों से मिले 60 हजार रुपए नगद रखे थे, जो घटना के बाद गायब मिले।

          मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

          इस घटना के बाद निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर भुलसीडीह में मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य चल रहा है, जहां बाहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे हैं। आरोप है कि यहां मजदूरों तक नशीले पदार्थों की सप्लाई की जा रही थी। जबकि ठेका कंपनी द्वारा बिना अनुमति प्रवेश पर रोक लगाई गई है, इसके बावजूद देर रात बाहरी लोगों की आवाजाही सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर रही है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              रथयात्रा पर यात्रियों को राहत, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे चला रहा टीओडी विशेष ट्रेनें

              रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। रथयात्रा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते...