जिले के सात परीक्षा केंद्रों में होगी परीक्षा, सुबह 9:45 बजे बंद हो जाएंगे केंद्रों के प्रवेश द्वार
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई (रविवार) को कोरबा जिले के सात परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें 2,205 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने चार जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल गठित किए हैं। आयोग के निर्देशानुसार सभी ऑब्जर्वर, केंद्राध्यक्ष एवं उड़नदस्ता दल को शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज, रजगामार रोड में प्रशिक्षण देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयोग के अनुसार परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9:45 बजे बंद कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को जांच प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षार्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े तथा चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बेल्ट, पर्स, टोपी, स्कार्फ सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेटल डिटेक्टर, फिस्किंग और जैमर की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक मूल पहचान पत्र तथा दो पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अनुचित साधनों का उपयोग करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी अभ्यर्थिता निरस्त कर दी जाएगी।

