महापौर ने पेश किया 16 माह का रिपोर्ट कार्ड, 76 कार्य पूरे, 149 निर्माणाधीन और 209 नई परियोजनाएं जल्द होंगी शुरू

      Date:

      • विकास की नई इबारत लिख रहा कोरबा, ₹165 करोड़ की सीवरेज परियोजना, 40 ई-बसें और सैकड़ों विकास कार्यों से बदल रही शहर की तस्वीर

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने बुधवार को पंचवटी स्थित निगम कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में नगर निगम के पिछले 16 महीनों के कार्यों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उद्योग एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन तथा नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में कोरबा शहर में विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहे हैं। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, सीवरेज, परिवहन, खेल, आवास और पर्यावरण संरक्षण सहित हर क्षेत्र में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं, जिससे शहर की तस्वीर तेजी से बदल रही है।

          नगर पालिक निगम कोरबा

          महापौर ने बताया कि बीते 16 महीनों में नगर निगम द्वारा 76 विकास कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा चुके हैं। वर्तमान में 149 विकास कार्यों पर तेजी से काम चल रहा है, जबकि 209 नई परियोजनाओं का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों को बेहतर बनाने के लिए कोसाबाड़ी से घंटाघर तथा घंटाघर से सीएसईबी चौक होते हुए सुनालिया पावर हाउस रोड तक लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से डामरीकरण का टेंडर जारी हो चुका है और बारिश समाप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। महापौर ने बताया कि स्वच्छता के क्षेत्र में कोरबा ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देशभर में आठवां स्थान प्राप्त किया है। शहर के पुराने कचरा डंपिंग स्थलों को समाप्त कर वहां आकर्षक स्मॉल गार्डन विकसित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 80 इलेक्ट्रिक रिक्शा शामिल किए गए हैं। इसके अलावा दो आधुनिक मोबाइल टॉयलेट भी निगम के बेड़े में जोड़े गए हैं। शहर के 55 हजार घरों में डस्टबिन वितरण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। महापौर ने बताया कि गीले कचरे से ऊर्जा उत्पादन के लिए छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल एवं गेल इंडिया के बीच एमओयू किया गया है। वहीं शहर के सभी 16 एसएलआरएम सेंटरों का लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

          सीवरेज परियोजना से स्वच्छ होगी हसदेव नदी

          महापौर ने कहा कि शहर की जीवनदायिनी हसदेव नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 165 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जा रहा है। शहर के 11 बड़े नालों के गंदे पानी को बिना उपचार के नदी में जाने से रोका जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अगस्त 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि एसटीपी में शुद्ध किए गए पानी को एनटीपीसी को 7.50 रुपये प्रति किलोलीटर की दर से उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नगर निगम को स्थायी आय का नया स्रोत मिलेगा। इसके साथ ही डीएमएफटी मद से लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से 20 एमएलडी क्षमता का नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाया जा रहा है, जिससे लगभग 58 हजार लोगों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। भू-जल स्तर सुधारने के लिए शहर के 10 प्रमुख स्थानों पर रिचार्ज बेस्ड वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी विकसित किए जा रहे हैं।

          40 ई-बसों से बदलेगी शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था

          महापौर ने बताया कि केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत कोरबा को 40 आधुनिक इलेक्ट्रिक बसों की स्वीकृति मिली है। इनके संचालन से नागरिकों को सस्ती, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा घंटाघर तथा मल्टीलेवल पार्किंग परिसर में अत्याधुनिक फास्ट ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं, जहां इलेक्ट्रिक वाहन लगभग 30 मिनट में चार्ज किए जा सकेंगे। प्रमुख चौराहों पर वाहन चालकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक वेटिंग शेड भी बनाए जा रहे हैं।

          खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

          महापौर ने बताया कि कोरबा में पहली बार राइफल शूटिंग अकादमी स्थापित की गई है, जिसमें 10 मीटर इंडोर तथा 25 एवं 50 मीटर आउटडोर शूटिंग रेंज विकसित की गई है। इसके अलावा इंदिरा स्टेडियम में लगभग 16 करोड़ रुपये तथा पीजी कॉलेज में 14 करोड़ रुपये सहित कुल लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में आयोजित ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव को मिली सफलता के बाद इस वर्ष भी इसे और अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

          प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रदेश में नंबर-1 बना कोरबा

          महापौर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत कोरबा को 3022 आवासों का लक्ष्य मिला था, लेकिन नगर निगम ने बेहतर कार्य करते हुए 4027 आवासों की स्वीकृति प्राप्त की, जो पूरे छत्तीसगढ़ में सर्वाधिक है। इसके अलावा घंटाघर क्षेत्र के छोटे एवं फुटपाथ व्यवसायियों को आनंद बाजार में स्थायी दुकानें उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं कोसाबाड़ी वेंडिंग जोन का निर्माण पूरा हो चुका है तथा अन्य क्षेत्रों में भी नए वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं।

          24 घंटे में होगा जनसमस्याओं का समाधान

          महापौर ने कहा कि पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम ने विशेष व्यवस्था लागू की है। “महापौर की पाती” जैसी जनसंपर्क पहल के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि कोरबा को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण शहर के रूप में विकसित करना है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शहर के सर्वांगीण विकास का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

          निगम का बड़ा कदम : अब कोरबा नगर निगम का होगा अपना पेट्रोल पंप, सालाना 40 लाख तक की बचत

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related