बिलासपुर-कोरबा हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने 9 मवेशियों को रौदा, हाईकोर्ट की सख्ती के बावजूद नहीं थम रहे हादसे

      Date:

      बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बिलासपुर-कोरबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो गया। कोनी थाना क्षेत्र के गतौरी के पास एक बेकाबू ट्रेलर ने सड़क पर मौजूद मवेशियों के झुंड को रौंद दिया। हादसे में 9 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक नंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों और गौसेवकों में भारी आक्रोश है।

          बता दें कि सड़कों पर आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका पर लगातार सुनवाई चल रही है। न्यायालय कई बार राज्य सरकार और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को फटकार लगाते हुए प्रभावी रोकथाम के निर्देश दे चुका है। इसके बावजूद हाईवे पर मवेशियों की मौजूदगी कम नहीं हो रही है, जिससे लगातार जानलेवा हादसे सामने आ रहे हैं। मंगलवार सुबह राहगीरों और ग्रामीणों ने सड़क पर मृत और घायल मवेशियों को देखा, जिसके बाद पुलिस और गौसेवकों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने गंभीर रूप से घायल नंदी का रेस्क्यू कर उसे छतौना स्थित गौरी गोपाल गौसेवा धाम भेजा, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, मृत 9 मवेशियों का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।

          गौ सुरक्षा के लिए उठीं अहम मांगें

          हादसे के बाद सामाजिक संगठनों और गौसेवकों ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर गौ सुरक्षा फेंसिंग लगाने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में गति सीमा तय करने तथा प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है। इसके अलावा प्रत्येक जिले में गौ एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने और आवारा मवेशियों के लिए स्थायी गौशाला, शेड एवं चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है। गौसेवकों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस और प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो इस तरह की दुर्घटनाओं में लगातार बेजुबान पशुओं की जान जाती रहेगी और सड़क हादसों का खतरा भी बना रहेगा।

          आवारा कुत्तों और मवेशियों पर हाईकोर्ट सख्त, सभी जिलों में मॉनिटरिंग के दिए निर्देश

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related