कटघोरा-उरगा एनएच के कारण लंबे समय से बंद है खरीदी-बिक्री का काम, अप्रभावित जमीन मालिकों को राहत देने की पहल
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कटघोरा-उरगा एनएच सड़क से प्रभावित क्षेत्र के अलावा अन्य भूमि मालिकों को राहत दिलाने के लिए कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा कलेक्टर को पत्र लिखा है। उन्होंने एनएच से वास्तव में प्रभावित नक्शा-खसरा की जमीन को छोड़कर बाकी अप्रभावित भूमि की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री की अनुमति देने का आग्रह किया है।

मंत्री ने पत्र में कहा है कि कटघोरा-उरगा एनएच से संबंधित भूमि की रजिस्ट्री लंबे समय से बंद है। इसके चलते क्षेत्र के आम नागरिकों और भूमि स्वामियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जरूरत के समय अपनी जमीन का क्रय-विक्रय नहीं कर पाने से लोगों को आर्थिक दिक्कतें भी हो रही हैं। मंत्री देवांगन ने कहा कि एनएच परियोजना से वास्तव में प्रभावित नक्शा-खसरा और भूमि को यथावत रखते हुए, उससे अलग अप्रभावित जमीन की खरीदी-बिक्री की अनुमति दी जा सकती है। इससे विकास कार्य भी प्रभावित नहीं होगा और अप्रभावित भूमि मालिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
शीघ्र अनुमति देने की मांग
मंत्री ने कलेक्टर से जनहित को ध्यान में रखते हुए कटघोरा-उरगा एनएच से प्रभावित भूमि को छोड़कर शेष अप्रभावित भूमि की रजिस्ट्री और खरीदी-बिक्री की अनुमति शीघ्र प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन का उद्देश्य विकास कार्यों के साथ आम नागरिकों की सुविधाओं और उनके हितों की रक्षा करना भी है। अप्रभावित क्षेत्र के लोगों की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान कर उन्हें राहत दिलाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

