राज्य में 6 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं ने नहीं कराया सत्यापन, केंद्र ने दी आखिरी मोहलत
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ समेत देश के कई राज्यों में एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी हो गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने ई-केवाईसी की अंतिम तारीख बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी है। इसे आखिरी मौका बताया जा रहा है। इसके बाद तारीख आगे बढऩे की संभावना नहीं है।
ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को आगे चलकर घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी और सब्सिडी दोनों से वंचित होना पड़ सकता है। छत्तीसगढ़ में 6 लाख से ज्यादा एलपीजी उपभोक्ताओं का सत्यापन अब भी बाकी है। अकेले रायपुर में करीब 7 लाख ग्राहकों में 50 हजार से ज्यादा की ई-केवाईसी नहीं हुई है। गैस एजेंसियों की ओर से उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी के लिए एसएमएस भेजे जा रहे हैं। ग्राहक आधार कार्ड और गैस कनेक्शन कार्ड लेकर अपनी संबंधित गैस एजेंसी में जाकर कुछ ही मिनट में सत्यापन करा सकते हैं।
उपभोक्ता चाहें तो घर बैठे मोबाइल से भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए अपने गैस कनेक्शन से संबंधित कंपनी का आधिकारिक मोबाइल ऐप डाउनलोड करना होगा। इंडेन, एचपीसीएल या बीपीसीएल के ऐप में ई-केवाईसी का विकल्प चुनकर बताए गए निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। गैस एजेंसी संचालकों के मुताबिक ई-केवाईसी नहीं कराने पर उपभोक्ताओं को घरेलू सिलेंडर की जगह कमर्शियल दर पर सिलेंडर लेना पड़ सकता है। रायपुर में घरेलू सिलेंडर की कीमत करीब 1014 रुपए, जबकि कमर्शियल सिलेंडर की कीमत करीब 2965 रुपए बताई गई है।
पहले 15 अगस्त थी अंतिम तारीख
ई-केवाईसी की अंतिम तारीख पहले 15 अगस्त निर्धारित की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 23 अगस्त किया गया है। लंबे समय से तारीख बढ़ाए जाने के बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अब तक सत्यापन नहीं कराया है।

