सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन की जिम्मेदारी, भुवनेश यादव संभालेंगे आदिम जाति विकास विभाग
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 23 भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में छह जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार शाम तबादला सूची जारी की।

मुंगेली के कलेक्टर कुंदन कुमार को अब कांकेर का कलेक्टर बनाया गया है। वहीं तुलिका प्रजापति को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से हटाकर कबीरधाम जिले की कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव आर. संगीता के लंबे अवकाश पर जाने के बाद से विभाग में बदलाव की अटकलें लगाई जा रही थीं। अब प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा को नगरीय प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं भुवनेश यादव को आदिम जाति विकास विभाग का दायित्व दिया गया है। इफ्फत आरा से नागरिक आपूर्ति विभाग के संचालक का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। हालांकि वे विशेष सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के पद पर बनी रहेंगी।
कवर्धा कलेक्टर गोपाल वर्मा हटाए गए
कवर्धा के कलेक्टर गोपाल वर्मा और तत्कालीन पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह धवई के बीच विवाद काफी चर्चा में रहा था। दोनों अधिकारियों के बीच मतभेद की बात मंत्रालय तक पहुंची थी। कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए थे। पहले पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह धवई को जिले से हटाया गया और अब कलेक्टर गोपाल वर्मा को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
कुंदन कुमार को कांकेर की जिम्मेदारी
मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार को कांकेर जैसे महत्वपूर्ण जिले की जिम्मेदारी दी गई है। बताया जा रहा है कि सरकारी कार्यक्रमों और विशेष रूप से सुशासन तिहार में उनके बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है। वहीं रणबीर शर्मा का करीब छह महीने में तीसरी बार तबादला हुआ है। बेमेतरा कलेक्टर के पद से हटने के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध संचालक बनाया गया था। इसके बाद उन्हें समाज कल्याण विभाग का संचालक बनाया गया और अब गरियाबंद जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
तनुजा सलाम बनीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की कलेक्टर
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का कलेक्टर बनाया गया है। उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे हाल ही में राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में आए अधिकारियों के लिए भी कलेक्टर पद पर नियुक्ति की संभावनाएं बढ़ी हैं। भोस्कर विलास संदीपन को वर्तमान पद के साथ नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं जगदीश सोनकर को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वर्ष 2011 बैच के अधिकारी नीलेश कुमार क्षीरसागर को कांकेर कलेक्टर के पद से हटाकर नगरीय प्रशासन संचालनालय में पदस्थ किया गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली जाने के लिए आवेदन किया है।
जल जीवन मिशन का प्रभार भी बदला
जल जीवन मिशन में ठेकेदारों के विरोध के बीच अब्दुल कैसर हक से मिशन संचालक का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। अब यह जिम्मेदारी रिमिजियुस एक्का को सौंपी गई है।

