नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद व पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल रहे मौजूद
कोरबा AkhandBharatHNKP.Com)। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती सद्भावना दिवस के रूप में मनाई। इस अवसर पर प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी स्टेडियम परिसर, टीपी नगर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और पुष्प अर्पित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि स्वर्गीय राजीव गांधी की सोच थी कि पंचायती राज व्यवस्था के माध्यम से गांव के लोगों को अपने मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी मिले। उनका मानना था कि गांव की पंचायतों को अपने स्तर पर निर्णय लेने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद, धर्मनिरपेक्षता और समाजवादी विचारधारा ही भारत जैसे महान देश के लिए प्रासंगिक विचारधारा है। सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने राजीव गांधी को याद करते हुए कहा कि महिलाओं को सत्ता और निर्णय प्रक्रिया में अधिक से अधिक भागीदारी दिलाने की दिशा में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी की परिकल्पना को आगे बढ़ाने के लिए पहले से ही रूपरेखा तैयार की थी, जिसके सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहे हैं। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाने में राजीव गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने देशभर का दौरा कर विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद किया और उनकी जरूरतों व सुझावों के आधार पर विकास योजनाओं को नई दिशा दी। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी का कोरबा जिले के आदिवासी बाहुल्य ग्राम रंजना में भी आगमन हुआ था। पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर ने कहा कि राजीव गांधी के भीतर उत्कृष्टता हासिल करने का जुनून था। छात्र जीवन से लेकर पायलट और फिर राजनीति तक उन्होंने हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी सोच और प्रयास राष्ट्र निर्माण तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को विशिष्ट स्थान दिलाने की दिशा में केंद्रित रहे।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान, पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव, प्रदेश पदाधिकारी हरीश परसाई, पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद, प्रदेश सचिव विकास सिंह, पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, संतोष राठौर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, राजेंद्र तिवारी, एडी जोशी, बसंत चंद्रा, अजा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे, सेवादल अध्यक्ष प्रदीप पुरायणे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मो. शाहिद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने स्वर्गीय राजीव गांधी के जीवन, उनके विचारों और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया तथा उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन होगा मजबूत, जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में बनी रणनीति

