केन्द्रीय मंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक पोस्ट मामले में रायपुर में एफआईआर, इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक की तलाश

      Date:

      • ‘मोटू-पतलू’ नाम से चल रहे इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट और वीडियो वायरल करने का आरोप, सिविल लाइन पुलिस ने शुरू की जांच

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों समेत अन्य लोगों को लेकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद रायपुर के सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच शुरू कर संचालक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

          केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

          श्याम नगर, तेलीबांधा निवासी शिकायतकर्ता अमन यादव ने पुलिस को बताया कि cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। शिकायत के मुताबिक, इन पोस्ट में छत्तीसगढ़ की जनता, समाज और प्रशासन से जुड़े लोगों के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कुछ अधिकारियों से संबंधित वीडियो भी शेयर किए गए, जिनके साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप है।

          गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप

          शिकायतकर्ता का आरोप है कि सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने की कोशिश की गई। साथ ही उनके बारे में गलत या भ्रामक जानकारी प्रसारित किए जाने की बात भी कही गई है। अमन यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि किसी व्यक्ति की आलोचना या टिप्पणी करना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में आता है, लेकिन जानबूझकर झूठी, भ्रामक, अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर किसी की छवि खराब करना अलग मामला है।

          अकाउंट संचालक की पहचान में जुटी पुलिस

          शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट की गतिविधियों, पोस्ट और वीडियो की सामग्री के साथ-साथ उन्हें संचालित करने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट और उसके प्रसार से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

          नक्सली हथियार डाल दें, रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करेंगे ,बस्तर देश का सबसे विकसित आदिवासी क्षेत्र बनेगा- अमित शाह

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related