रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। उत्तराखंड के चमोली में 13 अगस्त को हुए टनल हादसे में छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में कुल 10 श्रमिकों की जान गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं घायल दो श्रमिकों को इलाज के लिए 50-50 हजार रुपए देने के निर्देश दिए हैं।

मृतकों में धनसुली गांव के दो, मदनार के एक और दहीकोंगा के एक श्रमिक शामिल हैं। मृतकों के पार्थिव शरीर कोंडागांव लाकर परिजनों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। हादसे में जिले के दो अन्य मजदूर घायल हुए हैं। बता दें कि मायापुर-पीपलकोटी निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन और पानी के रिसाव से 22 मजदूर फंस गए थे। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने करीब 117 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 10 के शव बरामद किए गए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीडि़त परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

