कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक बारिश का अनुमान जताया है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। शनिवार को भी कोरबा सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी है। कोरबा में अगस्त में भारी बारिश के चलते बांगो बांध का लेबल बढ़ गया है। कई गेट खोलकर पानी छोड़ जा रहा है।

प्रदेश में 1 जून से 20 अगस्त तक 771.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश 818.7 मिमी से करीब 6 प्रतिशत कम है। कुल मिलाकर प्रदेश की बारिश सामान्य श्रेणी में बनी हुई है, हालांकि जिलों के आंकड़ों में काफी अंतर है। भारी बारिश के बीच बिलासपुर जिले के मल्हार में लीलागर नदी पार करते समय दो युवक बाइक समेत तेज बहाव में फंस गए। स्थिति बिगड़ती देख मनाडेरा के मोहन लाल केवट, महेश केवट और आदित्य केवट ने लकड़ी की मदद से दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते मदद मिलने से दोनों की जान बच गई। वहीं मनेंद्रगढ़ में जनकपुर के पास गोहड़ारी नदी पर बनी करीब 50 साल पुरानी पुलिया तेज बहाव की चपेट में आ गई। राजधानी रायपुर में शनिवार को गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे की संभावना है।
सरगुजा में बारिश की कमी
बारिश की कमी वाले जिलों में सरगुजा सबसे पीछे है। यहां सामान्य 851.6 मिमी के मुकाबले अब तक 499.7 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 41 प्रतिशत कम है। बेमेतरा और कांकेर में 39%, जशपुर में 33%, बस्तर में 25% और कोंडागांव में 22% बारिश की कमी दर्ज की गई है। अब तक सबसे ज्यादा बारिश नारायणपुर में 1068.7 मिमी दर्ज की गई है। इसके बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1014.6 मिमी, बलरामपुर में 994.4 मिमी, जांजगीर में 942.6 मिमी, महासमुंद में 939.5 मिमी और बीजापुर में 939.4 मिमी बारिश हुई है। वहीं बेमेतरा में सबसे कम 455.3 मिमी और सरगुजा में 499.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

