आयुक्त आशुतोष पाण्डेय उतरे सड़क पर, स्कूल-कॉलेजों के आसपास किया निरीक्षण
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय खुद सड़क पर उतरे और शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेजों के आसपास दुकानों, ठेलों और गुमटियों का निरीक्षण कराया।

अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वाले 64 दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बड़ी मात्रा में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, गुड़ाखू समेत अन्य तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान 27,100 रुपए का अर्थदंड वसूला गया, जबकि 8 दुकानों को सील भी किया गया। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में यह अभियान नशामुक्त भारत अभियान के तहत चलाया जा रहा है। कार्रवाई के लिए नगर निगम के सभी 7 जोन में अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। अपर आयुक्त पवन वर्मा को अभियान का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। अभियान में नगर निगम के साथ स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग की टीमें भी संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही हैं। आयुक्त ने कोसाबाड़ी जोन के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय और ब्लू वर्ड पब्लिक स्कूल, टीपी नगर जोन के ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, कोरबा जोन के प्राथमिक शाला सर्वमंगलापारा और सर्वमंगला नगर स्थित शासकीय विद्यालय समेत कई शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निरीक्षण कराया। जांच के दौरान 100 मीटर के दायरे में कई दुकानों और ठेलों पर तंबाकू उत्पादों की बिक्री होती मिली। निगम अमले ने मौके से सामग्री जब्त करने के साथ संबंधित दुकानदारों पर जुर्माना लगाया।
आयुक्त ने दी सख्त चेतावनी
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह के तंबाकू उत्पादों की बिक्री या भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत रोजाना कार्रवाई जारी रहेगी। दोबारा तंबाकू उत्पाद बेचते या भंडारण करते पाए जाने पर सामान जब्त करने और अर्थदंड के साथ नियमानुसार अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
8 दुकानें सील, अलग-अलग जोन में कार्रवाई
अपर आयुक्त एवं अभियान प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 64 दुकानों पर कार्रवाई की गई। इनमें से 8 दुकानों को सील किया गया और सभी कार्रवाई में कुल 27,100 रुपए का अर्थदंड लगाया गया। सीलिंग की कार्रवाई कोरबा जोन में 2 और रविशंकर नगर जोन में 6 दुकानों पर की गई। वहीं तंबाकू उत्पाद जब्ती और जुर्माने की कार्रवाई कोरबा जोन में 9, टीपी नगर में 2, कोसाबाड़ी में 16, रविशंकर नगर में 1, बालको में 7, दर्री में 11 और सर्वमंगला नगर जोन में 10 दुकानों पर की गई।

