हाथी को देख पीछे हट रहा था टैंकर, गड्ढे में फंसा पहिया; हाईवे पर करीब आधे घंटे तक लगा जाम
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पार कर रहे एक दंतैल हाथी के सामने डीजल टैंकर आ गया। हाथी को हटाने के लिए चालक ने हॉर्न बजाया तो वह भड़क गया और टैंकर की ओर दौड़ पड़ा। जान बचाने के लिए चालक ने वाहन पीछे लेने की कोशिश की, लेकिन टैंकर का पहिया सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया। इसके बाद चालक और हेल्पर वाहन छोड़कर भाग निकले।
जानकारी के अनुसार डीजल टैंकर कटघोरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान जंगल से निकलकर एक दंतैल हाथी अचानक नेशनल हाईवे पर पहुंच गया और टैंकर के सामने खड़ा हो गया। हाथी को रास्ते से हटाने के लिए चालक ने हॉर्न बजाया। हॉर्न की आवाज सुनते ही हाथी आक्रामक हो गया और टैंकर की तरफ दौड़ने लगा। हाथी को अपनी ओर आता देख चालक ने तुरंत टैंकर को पीछे लेने का प्रयास किया, लेकिन वाहन का पहिया सड़क किनारे बने गड्ढे में फंस गया। स्थिति बिगड़ती देख चालक और परिचालक टैंकर से उतरकर जंगल की ओर भाग गए और किसी तरह अपनी जान बचाई।
हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार
हाथी काफी देर तक सड़क और टैंकर के आसपास घूमता रहा। इससे हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर मौजूद वाहन चालक व यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा। हाथी के सड़क से हटने के बाद यातायात सामान्य हो सका। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथी टैंकर की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है।
10 हाथियों का दल कर रहा विचरण
बताया जा रहा है कि इन दिनों कटघोरा वन क्षेत्र में करीब 10 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों के झुंड ने आसपास के खेतों में लगी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। फसल बचाने के लिए ग्रामीण रातभर जागकर खेतों की निगरानी कर रहे हैं। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है। वन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर हाथी दिखाई देने पर हॉर्न न बजाएं, वाहन को दूर रोकें और किसी भी स्थिति में हाथी के पास जाकर उसे भगाने या छेड़ने की कोशिश न करें।
दिशा मैदान के लिए गए ग्रामीण पर दंतैल ने किया हमला, मौके पर हुई मौत

