कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगरीय क्षेत्रों की सड़कों पर घूमते मवेशियों और उनके उचित व्यवस्थापन में लापरवाही को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कटघोरा नगर पालिका और छुरीकला नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
कटघोरा नगर पालिका के CMO मुद्रिका प्रसाद तिवारी और छुरीकला नगर पंचायत के CMO मोहर लाल गहवरिया को जारी नोटिस में सड़क सुरक्षा और मवेशियों के व्यवस्थापन को लेकर दिए गए निर्देशों का पालन नहीं करने पर जवाब मांगा गया है। नोटिस के अनुसार, सड़क सुरक्षा/प्रोटोकॉल कार्यक्रम के तहत एसडीएम कटघोरा ने विशिष्ट अतिथियों के भ्रमण के दौरान सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के उचित व्यवस्थापन के निर्देश निकायों को दिए थे। इसके बावजूद 29 अगस्त 2026 को विशिष्ट अतिथियों के क्षेत्र भ्रमण के दौरान सड़कों पर मवेशी घूमते पाए गए। कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि पूर्व निर्देशों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होना कार्य के प्रति उदासीनता को दर्शाता है। सामान्य दिनों में भी घुमंतू मवेशियों के व्यवस्थापन को लेकर निकायों की प्रगति नगण्य पाई गई।
तीन दिन में देना होगा जवाब
नोटिस में कहा गया है कि मवेशियों को सड़कों पर घूमने से रोकने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देशों का पालन नहीं किया जाना कर्तव्य के प्रति लापरवाही को दर्शाता है। कलेक्टर ने दोनों अधिकारियों को तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कलेक्टर दुदावत ने दिए सख्त निर्देश

