दुर्ग-भिलाई (AkhandBharatHNKP.Com)। भिलाई में यूथ कांग्रेस चुनाव के बीच एक डिलीवरी बॉय से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है, इसके बावजूद उसके साथ मारपीट जारी रहने का आरोप है।
मामला सुपेला थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। डिलीवरी बॉय की शिकायत पर पुलिस ने राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। शिकायत के मुताबिक, डिलीवरी बॉय स्टील कॉलोनी कातुलबोर्ड का रहने वाला है और नेहरू नगर स्थित डोमिनोज में काम करता है। 29 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह स्मृति नगर में पिज्जा पहुंचाने गया था। वापस लौटते समय उसे कुछ युवक बाइक पर जाते मिले। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। करीब 2:30 बजे जब वह कैश जमा करने के लिए रुका, तब आरोपी वहां पहुंच गए। गाली देने का कारण पूछने पर विवाद बढ़ गया और युवकों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
बीच-बचाव करने पहुंचे दोस्तों से भी मारपीट
डिलीवरी बॉय ने अपने दोस्तों मयंक लकड़ा और लीलाधर साहू को फोन कर बुलाया। दोनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद वे डरकर डोमिनोज पहुंच गए। आरोपियों के वहां पहुंचने के बाद कथित तौर पर फिर विवाद और मारपीट हुई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान एक युवक के हाथ में पहने कड़े से डिलीवरी बॉय के सिर पर चोट लगी। बाद में नितिन का भाई अमन सिंह भी मौके पर पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप है।
CCTV में कैद हुई घटना
पूरी घटना डोमिनोज में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। इसी घटना से जुड़ा वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि अमन सिंह दुर्ग ग्रामीण जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं और इससे पहले अहिवारा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

