17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न आयोजन, विद्यालय से जिला स्तर तक होंगी चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिले के शासकीय और अशासकीय हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक हुई। इसमें 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और विभिन्न गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। कलेक्टर ने प्राचार्यों को सभी कार्यक्रम समयसीमा में व्यवस्थित रूप से कराने के निर्देश दिए।

अभियान के तहत कक्षा पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यालय स्तर पर श्रेष्ठ विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें विकासखंड और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल किया जाएगा। विकासखंड स्तर पर कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों की प्रतियोगिता 28 सितंबर तथा कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की प्रतियोगिता 1 अक्टूबर को होगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 3 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। कलेक्टर ने प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी, पारदर्शिता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अभियान की शुरुआत के अवसर पर 17 सितंबर को सभी विद्यालयों में ‘आशीर्वाद का दीपÓ जलाने की जानकारी भी दी गई।
अक्टूबर से शुरू होगी जेईई-नीट की विशेष कोचिंग
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि अक्टूबर से जिले में जेईई और नीट की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष कोचिंग शुरू की जाएगी। उन्होंने प्राचार्यों को अपने विद्यालयों में प्रतिभावान और इच्छुक विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें इस सुविधा से जोडऩे के निर्देश दिए। विद्यार्थियों को मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और नियमित अभ्यास के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
स्कूलों की सुविधाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों की अधोसंरचना की विकासखंडवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने भवन, कक्ष, पेयजल, शौचालय, बिजली, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और खेल मैदान सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कमियों को प्राथमिकता से चिन्हित कर उनका निराकरण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक चेतना विकसित करने के अवसर के रूप में लिया जाए। बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारी और जिले के शासकीय-अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
निर्माण कार्यों में गड़बड़ी मिली तो होगी एफआईआर : कलेक्टर दुदावत

