बालको मेडिकल सेंटर के चौथे वार्षिक बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव में शामिल होंगे देश-दुनिया के कैंसर विशेषज्ञ

      Date:

      • 18 से 20 सितंबर तक नया रायपुर में होगा आयोजन, 200 से अधिक राष्ट्रीय-क्षेत्रीय विशेषज्ञ होंगे शामिल

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मध्य भारत में कैंसर उपचार के क्षेत्र में अग्रणी बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) की ओर से चौथा वार्षिक बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव 18 से 20 सितंबर तक मेफेयर लेक रिजॉर्ट्स, नया रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही चूजिंग वाइजली इंडिया की सातवीं बैठक भी होगी। आयोजन ईकैंसर, टाटा मेमोरियल सेंटर मुंबई और नेशनल कैंसर ग्रिड के सहयोग से किया जा रहा है।

          इस वर्ष कॉन्क्लेव की थीम कैंसर उपचार में संतुलन की पुनस्र्थापना रखी गई है। इसमें स्तन कैंसर, स्त्री रोग संबंधी कैंसर और मूत्र-जनन तंत्र के कैंसर सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। मरीज की जरूरत के अनुसार उपचार का सही विकल्प चुनने, अनावश्यक उपचार से बचने और उपचार संबंधी निर्णयों में मरीज की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि कैंसर उपचार में संतुलन का अर्थ मरीजों को उनके घर के करीब बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना भी है। देश-दुनिया के विशेषज्ञों और क्षेत्रीय चिकित्सकों के एक मंच पर आने से ज्ञान और अनुभव का आदान-प्रदान होगा तथा स्थानीय स्तर पर उपचार की क्षमता मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि युवा चिकित्सकों को प्रोत्साहित करने के लिए हर वर्ष देशभर के 50 युवा डॉक्टरों को यात्रा सहायता दी जाती है, ताकि वे विशेषज्ञों से सीखकर अपने ज्ञान और चिकित्सा कौशल को बेहतर बना सकें।

          11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ होंगे शामिल

          कॉन्क्लेव में ब्रिटेन, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, नेपाल, श्रीलंका, इजराइल, बेल्जियम, कनाडा और स्विट्जरलैंड से 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल होंगे। इनके अलावा देशभर से 200 से अधिक राष्ट्रीय और क्षेत्रीय कैंसर विशेषज्ञ भाग लेंगे। विशेषज्ञ कैंसर उपचार, चिकित्सा अनुसंधान, सटीक कैंसर उपचार, विकिरण चिकित्सा, शल्य चिकित्सा और नई चिकित्सा तकनीकों पर अपने अनुभव साझा करेंगे। तीन दिवसीय आयोजन में 20 से अधिक परिचर्चाएं, बहु-विषयक सत्र, वाद-विवाद और वास्तविक मरीजों के मामलों पर आधारित चर्चाएं होंगी। स्तन कैंसर की लाइव सर्जरी का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसके साथ ही ब्रैकीथेरेपी, चिकित्सा अनुसंधान एवं नैदानिक परीक्षण, आनुवंशिक जांच, सटीक कैंसर उपचार, कैंसर पैथोलॉजी, स्वास्थ्य क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा नई पीढ़ी की परमाणु चिकित्सा जैसे विषयों पर प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित होंगी।

          महिला विशेषज्ञों के लिए भी विशेष मंच

          कॉन्क्लेव में वीमेन फॉर ऑन्कोलॉजी की नेटवर्किंग और मार्गदर्शन बैठक भी होगी। इसमें कैंसर उपचार के क्षेत्र में कार्यरत महिला विशेषज्ञ अनुभव साझा करने के साथ आपसी सहयोग, नेतृत्व और मार्गदर्शन के अवसरों पर चर्चा करेंगी। इसके अलावा बीएमसी की ओर से ‘कैनवास फॉर ए लाइफ नाम से कला एवं विरासत प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इससे प्राप्त सहयोग बीएमसी चैरिटेबल फंड के माध्यम से जरूरतमंद कैंसर मरीजों के उपचार, जांच, पोषण, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं में सहायता के लिए उपयोग किया जाएगा। पिछले वर्ष कॉन्क्लेव में देशभर से 1,000 से अधिक चिकित्सकों, विद्यार्थियों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष आयोजन के और व्यापक होने की उम्मीद है। कॉन्क्लेव के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। प्रतिभागी बीएमसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजन में शामिल प्रतिनिधि और संकाय सदस्य छत्तीसगढ़ मेडिकल काउंसिल, रायपुर से सीएमई क्रेडिट अंक प्राप्त करने के पात्र होंगे।

          बालको मेडिकल सेंटर में एसबीआरटी हैंड्स-ऑन कंटूरिंग वर्कशॉप का समापन

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related