अमलडीहा बस स्टैंड के पास हादसा, बिना पार्किंग लाइट खड़ा था भारी वाहन
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर अमलडीहा बस स्टैंड के पास देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार पल्सर बाइक सड़क किनारे बिना पार्किंग लाइट और चेतावनी संकेतक के खड़े ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक उछलकर सड़क किनारे जा गिरा।
मृतक की पहचान बनवार गांव निवासी सागर कंवर (21) के रूप में हुई है। वह कटघोरा क्षेत्र की एक निजी कंपनी में काम करता था। देर रात काम खत्म करने के बाद बाइक से घर लौटते समय अमलडीहा बस स्टैंड के पास हादसा हो गया। हादसे के बाद बाइक की लाइट जलती रही। राहगीरों ने सड़क किनारे युवक को पड़ा देखा और डायल 112 को सूचना दी। पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और परिजनों को सूचना दी। मामले की जांच जारी है।
सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार कटघोरा-पेंड्रा मार्ग पर सड़क किनारे भारी वाहनों के खड़े रहने की समस्या बनी हुई है। कई वाहन बिना पार्किंग लाइट, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक के खड़े रहते हैं, जिससे रात में दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

