तिरुपति में फार्मा फैक्ट्री में विस्फोट, 5 कर्मचारियों की मौत, 10 से ज्यादा लोग झुलसे

      Date:

      तिरुपति (एजेंसी)। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में शनिवार तड़के एक फार्मास्युटिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। सत्यवेडु मंडल स्थित श्री सिटी विशेष आर्थिक क्षेत्र में संचालित टिल हेल्थकेयर की इकाई में हुए विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में नाइट शिफ्ट में काम कर रहे पांच कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

          बताया गया कि शनिवार तड़के फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट चल रही थी। इसी दौरान यूनिट में लगा बॉयलर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में आग फैल गई और वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, आपातकालीन दल और राहतकर्मी मौके पर पहुंचे। घायलों को फैक्ट्री से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। आग पर काबू पाने के साथ परिसर को सुरक्षित किया गया।

          विस्फोट की वजह अभी स्पष्ट नहीं

          अधिकारियों के मुताबिक बॉयलर में विस्फोट किस कारण हुआ, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। तकनीकी खराबी, सुरक्षा व्यवस्था में चूक या संचालन संबंधी कारणों समेत विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। हादसे पर आंध्र प्रदेश के शिक्षा एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related