महासमुंद (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ अचानक एक घर में घुस गया। तेंदुए ने परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना रात करीब 1:30 बजे की है। उत्तरी बाई (55) बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य बाहर आए। इसी बीच तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और सरजु यादव (60), जनक यादव (36), मनीष यादव (18), कषार यादव (14) और सुनीता यादव (32) पर भी हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। इस दौरान परिजनों ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। इससे तेंदुआ घर से बाहर निकलकर अन्य लोगों पर हमला नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई। सभी छह घायलों को आपातकालीन वाहन की मदद से बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
रायपुर से बुलाई गई विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। जिस कमरे में तेंदुआ बंद है, उसके आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है। तेंदुए को सुरक्षित पकडऩे के लिए रायपुर से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम बुलाई गई है। टीम के पहुंचने के बाद तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई की जाएगी। तेंदुए के घर में घुसने और छह लोगों पर हमला करने की घटना के बाद झिटकी गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
रेलवे सुरंग में दिखा तेंदुआ, लोको पायलट ने बनाया वीडियो, कर्मचारियों में मचा हड़कंप

