10 अक्टूबर से टिकट बिक्री शुरू, ई-टिकट के लिए स्टेडियम में मुफ्त वाई-फाई, सुरक्षा और यातायात की तैयारियां पूरी
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए तैयार है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला खेली जाएगी। श्रृंखला के मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से प्रस्तावित हैं। मैचों को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बिजली, स्वास्थ्य और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। टिकटों की बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है।

दर्शकों को इस बार ई-टिकट के माध्यम से स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा। ई-टिकट की जांच के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्टेडियम परिसर में मुफ्त वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। टिकट के साथ निर्धारित संख्या में पार्किंग पास भी दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। दर्शकों के लिए पेयजल और खान-पान की पर्याप्त व्यवस्था भी की जाएगी। मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यातायात व्यवस्था, पार्किंग और आपातकालीन मार्गों को लेकर भी विशेष योजना तैयार की गई है। रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में स्थानीय सहायता समिति गठित की गई है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं।
एंबुलेंस और आपात व्यवस्था रहेगी तैयार
स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की व्यवस्था का आकलन करेगा। स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और विशिष्ट व्यक्तियों की आवाजाही के लिए विशेष मार्ग तैयार रखा जाएगा। इसके अलावा अग्निशमन वाहन, पर्याप्त पानी और आपातकालीन रास्तों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। बिजली और मोबाइल नेटवर्क को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है। सीरीज से पहले भारतीय महिला टीम के 11 अक्टूबर और जिम्बाब्वे की टीम के 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने की संभावना है। भारतीय टीम को मुकाबलों से पहले करीब चार दिन अभ्यास का अवसर मिलेगा।
रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक

