रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के 29 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। लखोदना गांव में खेत में काम कर रहे दो साढ़ू भाई मन्ना यादव और कुंजराम यादव बिजली की चपेट में आ गए। इसी दौरान मानपुर गांव में बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े किसान जागेश्वर जगत पर भी आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे के बाद तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव समेत प्रदेश के 29 जिलों में अगले दो दिनों के दौरान मौसम खराब रहने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। बुधवार को कोंडागांव सहित कई इलाकों में मौसम का असर देखने को मिला। कोंडागांव में तेज हवा के साथ बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे।
आंधी-तूफान का कहर : पाली में पेड़ की डाल गिरने से तीन की मौत, मृतकों में दो नाबालिग शामिल

