रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त का भुगतान 8 अक्टूबर को किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की महतारियों के खातों में किस्त की राशि करेंगे। इस बार योजना के तहत 67 लाख 38 हजार 217 पात्र हितग्राहियों को कुल 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। भुगतान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से किया जाएगा।
महतारी वंदन योजना प्रदेश में 1 मार्च 2024 से लागू है। योजना का लाभ लेने के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें पात्र पाई गई 70 लाख 9 हजार 578 महिलाओं को 10 मार्च 2024 को पहली बार सहायता राशि का अंतरण किया गया था। योजना शुरू होने से अब तक 31 किस्तों के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को 20,075.71 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत अब तक वितरित राशि बढ़कर 20,708.11 करोड़ रुपये हो जाएगी।
ई-केवाईसी पूरा करने वाले हितग्राहियों को मिलेगा लाभ
अक्टूबर 2026 की 32वीं किस्त के लिए अद्यतन स्थिति में कुल 68 लाख 52 हजार 661 पात्र हितग्राही हैं। इनमें से 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राहियों के भुगतान का अनुमोदन किया गया है। इसके अलावा नियद नेल्लानार क्षेत्र के 6 हजार 903 हितग्राहियों की 12वीं किस्त के भुगतान का भी अनुमोदन किया गया है। इस प्रकार कुल 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से महतारी वंदन योजना की राशि का भुगतान किया जाएगा।

