भाजपा के सेवा संकल्प अभियान में हजारों कार्यकर्ताओं ने थामी मशाल, सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का दिया संदेश

कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के सेवाकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को कोरबा में विकसित भारत संकल्प सभा और भव्य सेवा ज्योति मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में मशाल और मन में विकसित भारत का संकल्प लिए कार्यकर्ताओं ने शहर में सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे घंटाघर मैदान में हुई। यहां सेवा ज्योति यात्रा के प्रज्वलन का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सामूहिक प्रसारण किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साह के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इसके पश्चात घंटाघर मैदान से सुभाष चौक तक भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। मशालों की रोशनी और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। हजारों कार्यकर्ताओं की सहभागिता से यात्रा ने सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला प्रभारी कृष्णकांत चन्द्रा, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजूदेवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग और जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा मंचस्थ रहे। जिला महामंत्री संजय शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना लक्ष्य : देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वर्ष 2014 से भारत ने वैश्विक पटल पर मजबूती के साथ अपनी पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। इस लक्ष्य को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। सरकार अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है और यही प्रयास विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।
विकसित भारत के निर्माण में युवा निभाएं निर्णायक भूमिका : गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण को लेकर देश के सामने स्पष्ट दिशा और रोडमैप रखा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। गोपाल मोदी ने कहा कि पिछली पीढ़ियों ने अनेक कठिन परिस्थितियों और संघर्षों का सामना किया है। आने वाली पीढ़ियों को ऐसी परिस्थितियों से न गुजरना पड़े, इसके लिए युवा शक्ति को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया है। अब जिम्मेदारी है कि विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से साकार किया जाए। कोरबा के हजारों कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया है।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें जनप्रतिनिधि : कृष्णकांत चन्द्रा
भाजपा जिला प्रभारी कृष्णकांत चन्द्रा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी समस्याओं को समझना चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचेंगे, तभी विकास की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन का नया मॉडल देश के सामने रखा है। भारत विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सेवा ज्योति यात्रा ने दिया जनभागीदारी का संदेश
घंटाघर से सुभाष चौक तक निकली सेवा ज्योति यात्रा ने कोरबा में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान की तस्वीर प्रस्तुत की। मशालों की रोशनी के बीच कार्यकर्ताओं ने सेवा, संकल्प, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। यात्रा के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में सरकार के साथ नागरिकों की भागीदारी को भी रेखांकित किया गया। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, लक्की नंदा, रूक्मणी नायर, रेणुका राठिया, सतीश झा, अजय कंवर, कमला बरेठ, कमला किंडो, विवेक मार्कंडेय, अजय दुबे, नवीन अरोड़ा, अर्जुन गुप्ता, शैलेन्द्र यादव, संजय राठौर, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, अविनाश दुबे, मनोज राठौर, डॉ. विजय राठौर, कुलसिंह कंवर, प्रिती स्वर्णकार, वैभव शर्मा, राजेश लहरे, विकास अग्रवाल और रामनारायण सराफ सहित सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मंत्री लखनलाल देवांगन ने सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की ली समीक्षा बैठक

