प्रदेश के 38 स्थानों पर विकसित होंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’, मुख्यमंत्री ने कहा- चौक के नाम और मूल स्वरूप से नहीं होगी कोई छेड़छाड़
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रही चर्चाओं पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम बदला नहीं जा रहा है। चौक के नाम में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा और न ही उसके मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ होगी।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा की गई है। इनमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका अर्थ चौक का नाम बदलना नहीं है। तेलीबांधा चौक का नाम पहले की तरह ही रहेगा, केवल इसे ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इस अवसर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाना है। इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जा रहे हैं।

