इलाज के बाद मरीज को लेकर ओडिशा लौट रही थी एंबुलेंस, बागबाहरा के पास हुआ हादसा; टक्कर में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
महासमुंद (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक पुरुष समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसा बागबाहरा थाना क्षेत्र में देवाशीष स्कूल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 में सवार मरीज और उसके परिजन इलाज के बाद ओडिशा लौट रहे थे। इसी दौरान बागबाहरा के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और एंबुलेंस खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
पिछले महीने भी दो महिलाओं की हुई थी मौत
गौरतलब है कि पिछले महीने 23 तारीख को महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र में भी ट्रक से टकराकर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। कार में सवार लोग राजनांदगांव में आयोजित बारात से लौट रहे थे। ओवरटेक के दौरान कार ट्रक के पीछे जा घुसी थी। इस हादसे में भी दो महिलाओं की मौत हुई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
सड़क हादसे में कॉन्स्टेबल के परिवार सहित 6 लोगों की दर्दनाक की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

