उरगा-सीतामणी और गौमाता चौक-रेलवे स्टेशन मार्ग को मिली स्वीकृति, दोनों सड़कों की कुल लंबाई 12.30 किलोमीटर
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। चांपा की ओर जाने वाले कोरबावासियों और शहर के भीतर आवागमन करने वाले नागरिकों को जल्द ही बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है। उरगा से सीतामणी तक 9.40 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 34 करोड़ 33 लाख 4 हजार 635 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। वहीं, गौमाता चौक से रेलवे स्टेशन तक लगभग 2.90 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ 13 लाख 62 हजार 678 रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

दोनों परियोजनाओं पर कुल 47 करोड़ 46 लाख 67 हजार 313 रुपये खर्च होंगे। इन सड़कों के निर्माण से कोरबा की बाहरी कनेक्टिविटी के साथ शहर के अंदर यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उरगा से सीतामणी तक सड़क बनने से कोरबा की बिलासपुर-उरगा-हाटी भारतमाला मार्ग से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे चांपा रेलवे स्टेशन सहित चांपा की ओर जाने वाले मार्गों तक पहुंचना अधिक सुविधाजनक होगा। लंबे समय से इस मार्ग पर बेहतर आवागमन की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी तरह गौमाता चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क निर्माण होने से शहर के भीतर आवाजाही सुगम होगी। सीतामढ़ी और इमलीडुग्गू रेलवे क्रॉसिंग की ओर जाने वाले नागरिकों को भी बेहतर मार्ग उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े ने बताया कि दोनों सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत प्रक्रिया के अनुसार निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पालन करते हुए कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन मार्गों के बनने से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री अरुण साव, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा स्थानीय कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन और कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन एवं समन्वय से इन विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। एसईसीएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 392वीं बैठक में प्रशासनिक सहमति मिलने के बाद जिला प्रशासन और एसईसीएल के बीच 9 अक्टूबर 2026 को समझौता ज्ञापन (एमओयू) निष्पादित किया गया। दोनों मार्गों का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर कुणाल दुदावत ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ संबंधित मार्गों का निरीक्षण किया था और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए थे।
नागरिकों का आवागमन सुरक्षित और सुगम बनाने सड़कों-पुलों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

