शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में बिक रहे थे गुटखा, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले के चार थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचने वाले 15 दुकानदारों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास संचालित पान ठेलों और किराना दुकानों में खुलेआम सिगरेट, गुटखा, खैनी सहित अन्य तंबाकू उत्पाद बेचे जा रहे हैं। इसके अलावा नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद उपलब्ध कराने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान किए जाने की शिकायतें भी सामने आई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश पर दर्री, कुसमुंडा और बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के साथ सर्वमंगला चौकी की पुलिस टीम ने अपने-अपने इलाकों में दुकानों की जांच की। अभियान के दौरान स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटरों के 100 गज के दायरे में संचालित दुकानों को विशेष रूप से जांच के दायरे में लिया गया। इस दौरान कई दुकानदार तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। पुलिस की कार्रवाई में दर्री थाना क्षेत्र के चार, कुसमुंडा थाना क्षेत्र के चार, बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के चार तथा सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के तीन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 15 प्रकरणों में कोटपा एक्ट 2003 की धारा 4, 5, 6 और 7 के तहत चालान काटे गए।
नियम तोड़ने वालों पर आगे भी होगी कार्रवाई
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। पुलिस ने दुकानदारों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए आम नागरिकों से भी अपील की है कि स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री या अन्य नियमों का उल्लंघन दिखाई देने पर पुलिस को इसकी सूचना दें।
दीपावली पर सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुई कोरबा पुलिस, दिए सख्त निर्देश

