पैर में चोट लगने से चलने-फिरने में हो रही थी परेशानी, बेहतर उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के चोटिल होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर आए। मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के बाद उपचार की व्यवस्था कराई और उन्हें रायपुर के बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है। इसके कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी तकलीफ हो रही थी। मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान उनके निवास के समीप आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान वे रात में नंदकुमार साय के निवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पैर में चोट लगने के कारण नंदकुमार साय को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। आज उन्हें भी रायपुर आना था, इसलिए उन्होंने नंदकुमार साय को अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदकुमार साय के बेहतर उपचार के लिए रायपुर स्थित बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।

