विदेश राज्य मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री को बताया भगोड़ी आतंकवादी, कहा- आम यात्री की तरह नहीं, केवल प्रत्यर्पण के जरिए हो सकती है वापसी
नई दिल्ली (एजेंसी)। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वतन वापसी को लेकर देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। शेख हसीना की ओर से 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की इच्छा जताए जाने के बाद बांग्लादेश सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। सरकार ने साफ कहा है कि उनकी वापसी सामान्य यात्री के रूप में नहीं हो सकती, बल्कि इसके लिए कानूनी प्रक्रिया और प्रत्यर्पण का रास्ता अपनाना होगा।
बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबीर ने शेख हसीना की वापसी के दावों को खारिज करते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हसीना एक दोषी अपराधी और भगोड़ी आतंकवादी हैं। उन्हें केवल प्रत्यर्पण के माध्यम से ही वापस लाया जा सकता है। मंत्री ने यहां तक कहा कि उनकी वापसी हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही संभव है। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबीर ने कहा कि शेख हसीना की ओर से वापसी की तारीख घोषित कर देने भर से उनकी स्वदेश वापसी संभव नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि हकीकत और किसी की इच्छा दो अलग-अलग बातें हैं। किसी व्यक्ति को कानूनी प्रक्रिया से बचकर देश लौटने की अनुमति नहीं दी जा सकती। कोबीर ने आरोप लगाया कि हसीना के शासनकाल में अवामी लीग के संरक्षण में आतंकवाद को बढ़ावा मिला। उन्होंने दोहराया कि उनके लिए वापसी का एकमात्र रास्ता प्रत्यर्पण है।
दस्तावेज और विमान की मांग पर भी विवाद
रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना ने बांग्लादेश सरकार से अपने रद्द किए गए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के जरिए स्वदेश लौटने की व्यवस्था करने का आग्रह किया था। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि उनकी वापसी भारत के माध्यम से प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया के तहत ही हो सकती है। गौरतलब है कि बांग्लादेश में छात्रों के नेतृत्व में हुए विद्रोह के बाद शेख हसीना देश छोड़कर भारत आ गई थीं। पिछले वर्ष एक अदालत ने विद्रोह को कुचलने के दौरान हुई घातक कार्रवाई से जुड़े मामले में उनकी अनुपस्थिति में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। हसीना इन आरोपों से इनकार करती रही हैं।
लौटने पर गिरफ्तारी और जेल भेजने की बात
इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल के मुख्य अभियोजक अमीनुल इस्लाम ने भी शेख हसीना की वापसी के इंतजाम की उम्मीद को अव्यावहारिक बताया। वहीं, बांग्लादेश सरकार के एक मंत्री ने कहा कि यदि हसीना वापस लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। विमान भेजने को लेकर भारत के साथ किसी आधिकारिक बातचीत की भी जानकारी नहीं दी गई है। शेख हसीना की वापसी को लेकर दिए जा रहे बयानों से बांग्लादेश में राजनीतिक और कानूनी तनाव बढ़ने की आशंका है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 16 दिसंबर को उनकी वापसी को लेकर आगे क्या घटनाक्रम सामने आता है।
बांग्लादेश : शेख हसीना के बयानों को प्रकाशित न करें, सरकार का मीडिया को सख्त निर्देश

