पीएम जनमन योजना से जशपुर को मिलेगी पांच बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ रुपये स्वीकृत

      Date:

      • बगीचा विकासखंड में 290 मीटर कुल लंबाई के पांच पुलों का होगा निर्माण, दूरस्थ जनजातीय गांवों को मिलेगी बारहमासी आवागमन की सुविधा; शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच होगी आसान

          रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल क्षेत्रों में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत जशपुर जिले को पांच बड़े पुलों की सौगात मिली है। इन पुलों के निर्माण के लिए राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने कुल 16 करोड़ 3 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्माण कार्यों से विशेष रूप से बगीचा विकासखंड के दूरस्थ ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।

          पीएम जनमन योजना के वर्ष 2026-27 के बैच-1 के अंतर्गत भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 6 नवंबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार छत्तीसगढ़ में कुल 167 पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इनमें जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के पांच वृहद पुल भी शामिल हैं।स्वीकृत कार्यों के तहत डंगरी से दरावाकोना मार्ग पर नाले में 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 56 लाख 23 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं जबला से नवापारा मार्ग पर 30 मीटर लंबे पुल के लिए 1 करोड़ 83 लाख 21 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। इसी तरह कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 4 करोड़ 4 लाख 19 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर पहुंच मार्ग पर 80 मीटर लंबे पुल के लिए 3 करोड़ 52 लाख 67 हजार रुपये तथा कुहापानी से बांसधार मार्ग पर 60 मीटर लंबे पुल के निर्माण के लिए 3 करोड़ 7 लाख 4 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

          बारिश में आवागमन की परेशानी से मिलेगी राहत

          इन पांच पुलों के निर्माण से ग्रामीणों को वर्षा ऋतु में नालों के उफान के कारण होने वाली आवागमन की परेशानियों से राहत मिलेगी। अभी कई ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान नालों में पानी बढ़ने से लोगों का मुख्य मार्गों से संपर्क प्रभावित होता है। पुलों के निर्माण के बाद गांवों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। इससे किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। वहीं विद्यार्थियों को स्कूल और महाविद्यालय जाने तथा मरीजों को समय पर स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

          ग्रामीण अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

          बेहतर सड़क संपर्क व्यवस्था से दूरस्थ जनजातीय गांवों में व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। आवागमन सुगम होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित होने की संभावना है। इसके साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं का लाभ भी ग्रामीणों तक आसानी से पहुंच सकेगा। शासन के अनुसार सभी पांच पुलों का निर्माण निर्धारित स्वीकृत राशि के अंतर्गत कराया जाएगा। आवश्यक तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के बाद नियमानुसार निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इन पुलों के तैयार होने से बगीचा विकासखंड की दूरस्थ जनजातीय बसाहटों का संपर्क मजबूत होगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

          मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनदर्शन 26 नवंबर को, दोपहर 12 से 3 बजे तक करेंगे आम लोगों से मुलाकात

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related