कोयला लेवी घोटाले में रामगोपाल अग्रवाल को झटका, हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका

      Date:

      • 540 करोड़ रुपये की अवैध वसूली और कांग्रेस के लिए 104.20 करोड़ रुपये लेने का आरोप, आर्थिक अपराध की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने नहीं दी राहत

          बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाले में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास की एकल पीठ ने केस डायरी और जांच में सामने आए साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद प्रथम दृष्टया आर्थिक अपराध में उनकी संलिप्तता पाए जाने की बात कही। अदालत ने अपराध की गंभीरता को देखते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया।

          कोयला लेवी घोटाले

          एसीबी और ईओडब्ल्यू ने कोयला लेवी घोटाले में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। अभियोजन के अनुसार, प्रदेश में कोयला परिवहन की ऑनलाइन परमिट व्यवस्था को मैनुअल सिस्टम में बदलकर अवैध वसूली का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। इसके तहत कोयला कारोबारियों से प्रति टन 25 रुपये की लेवी वसूली जाती थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर सहित कोयला उत्पादक जिलों में इस नेटवर्क के जरिए करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध वसूली की गई।

          कांग्रेस के लिए 104.20 करोड़ रुपये लेने का आरोप

          प्रवर्तन निदेशालय की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को 35 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, रामगोपाल अग्रवाल ने कांग्रेस प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते हुए देवेंद्र डडसेना के माध्यम से अवैध लेवी से प्राप्त 104.20 करोड़ रुपये पार्टी के लिए लिए थे। जांच में रामगोपाल अग्रवाल और उनके परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई। एजेंसी ने इन संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल की गई रकम के स्रोत पर सवाल उठाए हैं। इसी मामले में अग्रवाल को जुलाई में गिरफ्तार किया गया था।

          बचाव पक्ष ने मांगी राहत, शासन ने किया विरोध

          जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए कहा कि रामगोपाल अग्रवाल जांच में सहयोग कर चुके हैं। अब हिरासत में रखकर पूछताछ की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने मुकदमे की सुनवाई में देरी और अन्य सह-आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत का हवाला देते हुए राहत देने की मांग की। वहीं, शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत का विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि आरोपी संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल रकम का स्रोत स्पष्ट नहीं कर सके हैं। जांच में उनके बेटे के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है।

          सह-आरोपियों को मिली जमानत का तर्क भी नहीं आया काम

          हाईकोर्ट ने सह-आरोपियों को मिली जमानत के आधार पर राहत देने की मांग भी स्वीकार नहीं की। अदालत ने कहा कि अन्य आरोपियों को करीब डेढ़ से दो साल जेल में रहने के बाद जमानत मिली थी, जबकि रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तारी के बाद लगभग तीन महीने ही जेल में रहे हैं। ऐसे में दोनों परिस्थितियों को समान नहीं माना जा सकता। कोर्ट ने यह भी कहा कि मुकदमे में देरी के लिए अभियोजन को जिम्मेदार ठहराने का कोई ठोस आधार प्रस्तुत नहीं किया गया है। उपलब्ध साक्ष्यों और आर्थिक अपराध की गंभीरता को देखते हुए नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी गई। हालांकि, हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई टिप्पणियों का मुकदमे की अंतिम सुनवाई और उसके गुण-दोष पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

          कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के घर ईडी की दबिश, 8 सदस्यीय टीम खंगाल रही दस्तावेज

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related