अब 14 दिन पहले ही भेजने के लिए तैयार कर सकेंगे वॉट्सएप मैसेज, तय समय पर अपने आप पहुंचेगा संदेश

      Date:

      • टेक्स्ट के साथ फोटो और वीडियो भी कर सकेंगे शेड्यूल, निजी और ग्रुप चैट में मिलेगी सुविधा, फोन बंद होने पर भी नहीं रुकेगा संदेश

          नई दिल्ली (एजेंसी)। लोकप्रिय संदेश सेवा वॉट्सएप अपने उपयोगकर्ताओं के लिए एक नया फीचर लेकर आया है। अब यूजर्स किसी को मैसेज भेजने के लिए पहले से तारीख और समय निर्धारित कर सकेंगे। यानी रात में ही सुबह भेजे जाने वाले संदेश को तैयार करके उसका समय तय किया जा सकेगा। निर्धारित समय होते ही मैसेज अपने आप सामने वाले व्यक्ति तक पहुंच जाएगा।

          इस सुविधा की खास बात यह है कि इसमें केवल लिखित संदेश ही नहीं, बल्कि फोटो और वीडियो भी पहले से भेजने के लिए तय किए जा सकेंगे। यह सुविधा व्यक्तिगत बातचीत के साथ-साथ समूह चैट में भी उपलब्ध होगी। यूजर्स 10 मिनट से लेकर 14 दिन तक आगे के लिए संदेश निर्धारित कर सकेंगे। नए फीचर के तहत मैसेज लिखने के बाद भेजने वाले बटन के माध्यम से शेड्यूल का विकल्प मिलेगा। इसमें अपनी सुविधा के अनुसार तारीख और समय चुनना होगा। इसके बाद संदेश निर्धारित समय पर स्वतः भेज दिया जाएगा। खास बात यह है कि मैसेज भेजने के लिए उस समय फोन चालू रखना या इंटरनेट से जुड़ा होना भी जरूरी नहीं होगा। फोन बंद होने या बैटरी खत्म होने की स्थिति में भी निर्धारित संदेश पहुंच सकेगा।

          जन्मदिन से लेकर कार्यालय के काम तक आएगा उपयोग

          इस सुविधा से रोजमर्रा के कई काम आसान हो जाएंगे। जन्मदिन और शादी की सालगिरह की बधाई पहले से तय की जा सकेगी। इसके अलावा कार्यालय की बैठक, जरूरी सूचना, अपॉइंटमेंट और काम से जुड़े संदेश भी निर्धारित समय पर भेजे जा सकेंगे। अलग-अलग समय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सही समय पर संदेश पहुंचाने में भी यह सुविधा उपयोगी होगी। यदि किसी यूजर ने मैसेज शेड्यूल कर दिया है और बाद में उसका इरादा बदल जाता है, तो वह निर्धारित समय से पहले उसे हटा भी सकेगा। कंपनी के मुताबिक, यह सुविधा एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेगी। संदेश प्राप्त करने वाले व्यक्ति को यह सामान्य वॉट्सएप मैसेज की तरह ही दिखाई देगा। उसे यह पता नहीं चलेगा कि संदेश पहले से निर्धारित किया गया था।

          धीरे-धीरे सभी यूजर्स को मिलेगी सुविधा

          वॉट्सएप ने इस फीचर को भारत सहित दुनियाभर के यूजर्स के लिए जारी करना शुरू कर दिया है। फिलहाल यह सुविधा चुनिंदा उपयोगकर्ताओं को मिल रही है। आने वाले कुछ हफ्तों में इसे चरणबद्ध तरीके से अन्य यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा। कंपनी ने अभी सभी के लिए उपलब्ध होने की निश्चित तारीख घोषित नहीं की है। ऐसे में उपयोगकर्ताओं को अपने वॉट्सएप को समय-समय पर अपडेट करते रहना होगा। एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन एक सुरक्षा व्यवस्था है, जिसमें संदेश भेजने वाले के मोबाइल से निकलते ही विशेष कोड में बदल जाता है। इसे केवल संदेश प्राप्त करने वाला व्यक्ति ही पढ़ सकता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य संदेश की गोपनीयता बनाए रखना है, ताकि बीच में कोई अन्य व्यक्ति उसकी सामग्री न पढ़ सके।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related