वार्ड क्रमांक 20 में होंगे 5 करोड़ 63 लाख रुपये के विकास कार्य, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया भूमिपूजन

      Date:

      • ढेगुरनाला छठघाट से दर्री मुख्य मार्ग तक बनेगी सीसी सड़क, सड़क, नाली और जल निकासी के पांच कार्यों की रखी गई आधारशिला

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 20 में 5 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। बुधवार को प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में इन महत्वपूर्ण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें बालको मुख्य मार्ग स्थित ढेगुरनाला छठघाट से सीधे दर्री मुख्य मार्ग तक सीसी सड़क निर्माण का कार्य भी शामिल है।

          नगर पालिक निगम कोरबा

          नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 20 में जिला खनिज न्यास एवं 15वें वित्त आयोग मद से पांच विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें ढेगुरनाला छठघाट से दर्री मुख्य मार्ग तक 3 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा साकेत भवन से बालको रोड स्थित चिकन दुकान तक 1 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से स्ट्राम वाटर ड्रेन बनाई जाएगी। इसी प्रकार पथर्रीपारा में बंटी साहू के घर से पुष्पेंद्र साहू के घर तक तथा मंदाकिनी साहू के घर से तालाब तक 25 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कराया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल क्रमांक-2 अंतर्गत आसना बानो के घर से किशोर के घर के सामने होते हुए अवधेश किराना स्टोर तक 20 लाख रुपये की लागत से दोनों तरफ सड़क ढलाई एवं नाली निर्माण होगा। वहीं सामुदायिक भवन के पीछे से आश्रम के पीछे तक 15 लाख रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया जाएगा।

          इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार देश एवं प्रदेश की तरक्की के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में सिक्सलेन और फोरलेन सड़कों का निर्माण, हवाई मार्ग का विस्तार और रेल मार्ग के विकास के कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने गरीबों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की हैं, जिनका सीधा लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों से विश्व स्तर पर देश का गौरव बढ़ा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने अल्प समय में मोदी की सभी गारंटियों को पूरा किया है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ का ऐतिहासिक विकास किया था और अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकास कार्यों को फिर से तेज गति दी है।

          भूमिपूजन कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, अजय गोंड़, ममता यादव, पार्षद चंद्रलोक सिंह एवं राकेश वर्मा सहित भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरिफ खान, भुवनेश्वर तिवारी, नरेंद्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव, जयगोविंद, अनिल यादव, मिलाप बरेठ, गोमदी गेंदरे, सुभाष राठौर, बंटी साहू, सरिता बरेठ, दिलीप कुमार, युसुफ खान, समीम खान, अखिलेश, उत्तम देवांगन, जयप्रकाश, संतोषी यादव और देवनारायण साहू सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

          दर्जनों जनकल्याणकारी योजनाएं हो रही संचालित

          महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में दर्जनों जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ करोड़ों लोगों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जो वादा करती है, उसे पूरा भी करती है। महापौर ने कहा कि कोरबा के विकास के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के सहयोग से लगातार राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके माध्यम से शहर के वार्डों एवं बस्तियों में सड़क, नाली, पानी और बिजली सहित आवश्यक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

          उद्योग मंत्री और महापौर नगर विकास के प्रति गंभीर

          नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत नागरिकों की समस्याओं के निराकरण तथा नगर के समग्र विकास के लिए गंभीर हैं। इस दिशा में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। ढेगुरनाला छठघाट से दर्री मुख्य मार्ग तक सीधे सड़क का निर्माण एक महत्वपूर्ण कार्य है, जो क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए आवश्यक था। वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह ने कहा कि वार्ड में चारों ओर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने उद्योग मंत्री और महापौर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ढेगुरनाला छठघाट से दर्री मुख्य मार्ग तक सीसी सड़क बनने से नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

          नगर निगम के चार वार्डों को 93 लाख के विकास कार्यों की सौगात, मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related