सीएमडी हरीश दुहन बोले- राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा सर्वोपरि दायित्व; पूर्व अध्यक्षों और निदेशकों ने साझा किए अनुभव, कंपनी की भावी प्रगति पर हुआ मंथन
बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का 42वां स्थापना दिवस बुधवार को कंपनी मुख्यालय बिलासपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय समारोह के दूसरे दिन आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कंपनी के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों और पूर्व निदेशकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा से जुड़े अपने अनुभव और स्मृतियां साझा कीं।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) नृपेंद्र नाथ शामिल रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा में पूर्व नेतृत्व और कोयला कर्मवीरों का अमूल्य योगदान रहा है। राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना कंपनी का सर्वोपरि दायित्व है। उन्होंने कहा कि सभी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में योगदान देना है। उन्होंने टीम एसईसीएल की क्षमताओं पर विश्वास जताते हुए सामूहिक प्रयासों से निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने और कंपनी को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पूर्व अध्यक्षों और निदेशकों ने साझा किए अनुभव
समारोह में एसईसीएल के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक एम.एन. झा, एम.के. थापर, एम.पी. दीक्षित, ए.के. सिंह, ओम प्रकाश, बी.आर. रेड्डी और प्रेम सागर मिश्रा सहित कई पूर्व वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनके अलावा पूर्व निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) एवं एनसीएल के पूर्व सीएमडी पी.के. सिन्हा, पूर्व निदेशक (कार्मिक) के.के. श्रीवास्तव, राधेश्याम सिंह, पूर्व निदेशक (वित्त) ए.के. कोमावार, अनिल कुमार सिंह, आर.पी. ठाकुर, श्याम मुरारी चौधरी, मनोज प्रसाद और जी. श्रीनिवासन ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
शहीद स्मारक पर अर्पित किए श्रद्धासुमन
मुख्य समारोह से पहले सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशक मंडल और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मुख्यालय परिसर स्थित शहीद स्मारक, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा और श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद ऑडिटोरियम परिसर में ध्वजारोहण, कॉर्पोरेट गीत और आकाश में गुब्बारे छोड़कर स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत की गई। इस अवसर पर एसईसीएल संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति के साथ सिस्टा, कौंसिल और ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
ज्ञान साझा सत्र में हुई भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा
समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘ज्ञान साझा सत्र’ रहा। इसमें कंपनी के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों और पूर्व निदेशकों ने अपने लंबे कार्यकाल के अनुभव, संस्थान से जुड़ी यादें और नेतृत्व यात्रा साझा की। इस दौरान एसईसीएल की विकास यात्रा, विभिन्न चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। खुले संवाद के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्व नेतृत्व के अनुभवों एवं मार्गदर्शन से सीखने का अवसर मिला।
सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट में 13 पुरस्कार प्रदान
स्थापना दिवस समारोह के तहत शाम को वसंत विहार खेल मैदान में ‘सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट’ आयोजित की गई। इसमें विभिन्न क्षेत्रों, विभागों और अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष योगदान के लिए कुल 13 पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कारों में स्वच्छता पखवाड़ा 2026, विशेष अभियान 6.0, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष, व्यक्तिगत उत्कृष्टता और विशेष योगदान पुरस्कार शामिल रहे। इसके साथ ही सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रद्धा महिला मंडल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस का भव्य शुभारंभ, 170 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित

