दिल्ली हाईकोर्ट में केंद्र ने बताया- पिता के नाम का कॉलम खाली, जन्मस्थान और पते में भी अंतर; फिलहाल विदेश यात्रा पर रोक
नई दिल्ली (एजेंसी)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास अब फिलहाल विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है। सरकार के अनुसार, उनके पासपोर्ट में पिता के नाम का कॉलम खाली है। इसके अलावा जन्मस्थान, पढ़ाई और पते से जुड़ी जानकारियों में भी अंतर पाया गया है। सरकार ने कहा कि इन विसंगतियों का असर उनकी नागरिकता पर भी पड़ सकता है।
दरअसल, 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर सौरव दास को लंदन जाने वाली उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया था। इसके बाद 24 नवंबर को उन्होंने इस फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने अदालत को लुकआउट सर्कुलर जारी होने की जानकारी दी। सौरव दास के वकील अखिल सिब्बल ने अदालत में कहा कि उनके मुवक्किल को लुकआउट नोटिस जारी होने या विदेश जाने से रोकने की जानकारी पहले नहीं दी गई थी। उन्हें एयरपोर्ट पहुंचने के बाद इसकी सूचना दी गई और इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें उड़ान में बैठने से रोक दिया था। वकील ने नोटिस जारी करने का कारण बताने और उसकी प्रति उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर केंद्र सरकार ने कहा कि लुकआउट नोटिस की प्रति नहीं दी जा सकती, हालांकि अब सौरव को इसकी जानकारी है और वे इसे अदालत में चुनौती दे सकते हैं।
सरकार बोली- पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया
केंद्र ने अदालत को बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे सौरव दास को नोटिस भेजा गया था। इसके चार मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई। पासपोर्ट में पाई गई विसंगतियों पर जवाब देने के लिए उन्हें 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि उनका पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है, बल्कि फिलहाल विदेश यात्रा से रोका गया है। सौरव दास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया खातों ने उनका पासपोर्ट सार्वजनिक कर दिया है। उन्होंने इसे चिंता का विषय बताते हुए सवाल उठाया कि नागरिकों की निजी जानकारी इस तरह सार्वजनिक होना क्या सामान्य बात है।
ऑक्सफोर्ड यूनियन में चर्चा के लिए मिला था आमंत्रण
सौरव दास ने बताया था कि उन्हें ब्रिटेन में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया था। उनके अनुसार, ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, एलएसई और एडिनबरा जैसे संस्थानों से उन्हें बुलावा मिला था। एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में इस विषय पर पैनल चर्चा प्रस्तावित है, जिसमें उन्हें शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। ऑक्सफोर्ड यूनियन स्वतंत्र रूप से संचालित होने वाली वाद-विवाद संस्था है, जो ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय का हिस्सा नहीं है।
विदेशी फंडिंग के आरोपों पर CJP नेताओं से पूछताछ, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने जारी किया नोटिस

