श्रम विभाग की समीक्षा बैठक में जिलावार और योजनावार कार्यों का लिया जायजा, पात्र श्रमिकों को अधिक से अधिक योजनाओं से जोड़ने के दिए निर्देश
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश के श्रमिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना श्रम विभाग की पहली प्राथमिकता है। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। विभागीय अधिकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गंभीरता से कार्य करें और अपने प्रदर्शन में सुधार लाएं। यह निर्देश श्रम, वाणिज्य एवं उद्योग तथा वाणिज्यिक कर मंत्री लखनलाल देवांगन ने श्रम विभाग की समीक्षा बैठक में दिए।
महानदी मंत्रालय स्थित समिति कक्ष में आयोजित बैठक में श्रम मंत्री ने जिलावार और योजनावार विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के कल्याण और उनके हितों की रक्षा के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए पूरी निष्ठा और दृढ़ संकल्प के साथ काम करने की आवश्यकता है। श्रम मंत्री ने जिलों से आए अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों का पंजीयन होने के बाद उन्हें पात्रतानुसार अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। साथ ही उद्योगों का नियमित निरीक्षण कर वहां आवश्यक सेवाओं और सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए विभागीय अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इस अवसर पर अपर श्रमायुक्त एसएल जांगड़े एवं सविता मिश्रा, प्रभारी संचालक औद्योगिक सुरक्षा मनीष श्रीवास्तव सहित सहायक श्रमायुक्त, विभिन्न जिलों के श्रम पदाधिकारी तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल और औद्योगिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
33 जिलों के कार्यों की योजनावार समीक्षा
बैठक में श्रम विभाग के सचिव एवं श्रम आयुक्त हिमशिखर गुप्ता ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश के सभी 33 जिलों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने ई-केवाईसी, छत्तीसगढ़ लोक सेवा गारंटी अधिनियम-2011, ऑनलाइन निरीक्षण व्यवस्था, विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा बस्तर मुन्ने और नियद नेल्ला नार योजना 2.0 में विभागीय प्रगति, श्रम अन्न योजना के अंतर्गत संचालित केंद्रों की स्थिति तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। सचिव ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अंतर्गत संचालित मिनीमाता महतारी जतन योजना, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना और दीदी ई-रिक्शा योजना की जिलावार समीक्षा की गई। इसी तरह छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के तहत श्रमिकों के पंजीयन, वित्तीय लक्ष्यों और उनकी प्राप्ति तथा विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी ली गई। उपादान भुगतान अधिनियम, बंधक श्रमिक पुनर्वास और बाल श्रमिक पुनर्वास नीति की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

