बेंगलुरु (एजेंसी)। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पत्थर खदान में चट्टान गिरने से 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। मृतक सभी मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार साउथ तालुक क्षेत्र स्थित कावेरी क्रशर कंपनी की खदान में खनन कार्य चल रहा था। इसी दौरान करीब 40 फीट ऊंचाई से चट्टान का विशाल हिस्सा अचानक मजदूरों पर आ गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय करीब 18 मजदूर खदान में काम कर रहे थे। घटना में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ अन्य मजदूर अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं, इसलिए राहत और बचाव कार्य जारी है। प्रत्यक्षदर्शी परशुराम, जो मौके पर एक्सकेवेटर चला रहे थे, ने बताया कि जैसे ही काम शुरू हुआ कुछ ही सेकंड में पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि मजदूरों को बचने का मौका तक नहीं मिला।

