जांजगीर-चांपा से पिकनिक मनाने पहुंचे थे युवक, शराब के नशे में विवाद बढ़ने की चर्चा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के प्रसिद्ध परसाखोला पिकनिक स्पॉट पर घूमने आए दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान कुछ युवकों ने एक युवक के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और कड़ाही से भी हमला किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पिकनिक स्पॉट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले से कुछ युवक पिकनिक मनाने के लिए कोरबा के परसाखोला पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक एक युवक को घेरकर हाथ-मुक्कों और कड़ाही से पीटते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इतना ही नहीं, मारपीट के बाद उसे गहरे पानी में फेंकने की कोशिश किए जाने का दृश्य भी सामने आया है। यह पूरी घटना पानी और फिसलन वाली जगह के आसपास हुई, जहां जरा सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकनिक मनाने पहुंचे कुछ युवक शराब के नशे में थे। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में ही विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग
परसाखोला में इन दिनों पिकनिक मनाने और घूमने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। ऐसे में सार्वजनिक पर्यटन स्थल पर इस तरह की मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने यहां पुलिस चौकी स्थापित करने तथा सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग उठाई है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। मामले में बालको थाना पुलिस का कहना है कि मारपीट को लेकर अब तक किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान करने में जुटी है।

