रेडी टू ईट को बनाया निवाला, खिड़की तोड़कर भीतर घुसे, सामान भी किया क्षतिग्रस्त
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा वनमंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में 10 से 12 हाथियों के झुंड ने उरगा-हाटी मार्ग स्थित ग्राम पंचायत तौलीपाली के आश्रित ग्राम धोबनीमार के आंगनबाड़ी केंद्र में घुसकर भारी उत्पात मचाया। हाथियों ने खिड़की तोड़कर केंद्र के भीतर प्रवेश किया और बच्चों के लिए रखे रेडी-टू-ईट, चावल सहित अन्य खाद्य सामग्री को खा गए। साथ ही टीन के संदूक समेत अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार धोबनीमार आंगनबाड़ी केंद्र में तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के 15 तथा छह माह से तीन वर्ष तक के 12 बच्चों के लिए नियमित रूप से गतिविधियों का संचालन किया जाता है। शुक्रवार को कार्यकर्ता गेंदबाई और सहायिका दीपा राठिया केंद्र बंद कर घर लौट गई थीं। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने केंद्र की टूटी-फूटी स्थिति देख इसकी सूचना आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दी। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि हाथियों ने केंद्र की पिछली ओर लगी खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। कमरे में रखा चावल, रेडी-टू-ईट एवं अन्य खाद्य सामग्री बिखरी हुई थी, जबकि टीन का संदूक और अन्य सामग्री भी क्षतिग्रस्त मिली। इससे स्पष्ट हुआ कि हाथियों ने भोजन की तलाश में केंद्र को निशाना बनाया। घटना की जानकारी सेक्टर सुपरवाइजर हरा राठौर के माध्यम से उच्च अधिकारियों को दी गई। बच्चों की पढ़ाई और पोषण व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए अधिकारियों ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल गांव में किराए के भवन में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित करने की तैयारी की जा रही है।
क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से हाथियों का दल गांव और आसपास के इलाकों में लगातार विचरण कर रहा है। ऐसे में लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने और आबादी वाले क्षेत्रों में उनके प्रवेश को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
कोरबा वनमंडल में हाथियों का उत्पात जारी, फसलें रौंदी

