बिलासपुर में दिनदहाड़े पूर्व जनपद सदस्य के पति की गला रेतकर हत्या, शराब दुकान के सामने वारदात

      Date:

      • विवाद के बाद दो युवकों ने चाकू से किया हमला, शराब दुकान में तोड़फोड़ कर सीसीटीवी कैमरे तोड़े 

      बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बिलासपुर में सोमवार को दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। तोरवा थाना क्षेत्र में शराब दुकान के सामने विवाद के बाद दो युवकों ने भाजपा समर्थित पूर्व जनपद सदस्य गीता साहू के पति बबला साहू उर्फ शिवनंदन साहू (56) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वारदात के बाद आरोपियों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

          दिनदहाड़े हत्या

          जानकारी के अनुसार देवरीखुर्द निवासी बबला साहू उर्फ शिवनंदन साहू पेशे से ऑटो चालक थे। उनकी पत्नी गीता साहू पूर्व जनपद सदस्य रह चुकी हैं। सोमवार को तोरवा स्थित शराब दुकान के सामने बबला साहू का दो युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने बबला साहू पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटनास्थल पर उनका मोबाइल भी पड़ा मिला। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने मौके पर काफी देर तक हंगामा किया। इससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपियों ने शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और वारदात से पहले की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

          रेलवे कर्मचारी पर भी चाकू से हमला

          हत्या की जांच और आरोपियों की तलाश के बीच कुछ समय बाद तोरवा क्षेत्र के बूटापारा निवासी सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी कन्हैया लाल (65) पर भी चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई। बताया गया कि देवरीखुर्द के एनीकट के पास बाइक सवार युवकों ने कन्हैया लाल के गले पर चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल कन्हैया लाल को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को आशंका है कि बुजुर्ग पर हमला करने वाले आरोपी वही हो सकते हैं, जिन्होंने बबला साहू की हत्या की है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं, एक बच्चे पर भी चाकू से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इसकी भी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              इसरो में वैज्ञानिक और इंजीनियर के 93 पदों पर भर्ती, 17 अगस्त तक करें आवेदन

              इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, कंप्यूटर साइंस समेत कई विषयों में...