छत्तीसगढ़ के कारोबारियों को विदेशी बाजारों में कारोबार बढ़ाने का मिलेगा मौका, 12 नवंबर को निर्यातकों की कार्यशाला

      Date:

      • ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड, यूएई और ऑस्ट्रेलिया के बाजारों पर रहेगा विशेष फोकस, मुक्त व्यापार समझौतों के फायदे बताएंगे विशेषज्ञ

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के कारोबारियों और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में व्यापार बढ़ाने के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 12 नवंबर को रायपुर में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों के जरिए मिलने वाले व्यावसायिक अवसरों और निर्यात की संभावनाओं की जानकारी दी जाएगी।

          कार्यशाला में विशेष रूप से ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और ऑस्ट्रेलिया के बाजारों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इन देशों में भारतीय उत्पादों की मांग, व्यापार की संभावनाओं और निर्यात प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां कारोबारियों के साथ साझा की जाएंगी। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग की ओर से छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे वीआईपी रोड स्थित होटल बेबीलोन इंटरनेशनल में होगा। भारत ने विभिन्न देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। इन समझौतों के तहत भारतीय उत्पादों को कई विदेशी बाजारों में शून्य या रियायती आयात शुल्क पर भेजने की सुविधा मिलती है। कार्यशाला में निर्यातकों को इन समझौतों का लाभ उठाने, विदेशी बाजारों तक अपनी पहुंच बनाने और कारोबार के विस्तार के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी जाएगी।

          विभिन्न क्षेत्रों के लिए होंगे विशेष सत्र

          कार्यशाला में अलग-अलग औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें संभावित निर्यात उत्पादों, अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध अवसरों, उत्पादों के मूल स्थान से जुड़े नियमों और गैर-शुल्क बाधाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही निर्यात प्रक्रिया और विदेशी व्यापार में आने वाली चुनौतियों से निपटने के उपाय भी बताए जाएंगे।

          केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल

          इस आयोजन में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) तथा छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के वर्तमान और नए निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की संभावनाओं से जोड़ना तथा छत्तीसगढ़ से होने वाले निर्यात को प्रोत्साहित करना है। इससे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने और प्रदेश के व्यापारिक विस्तार को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related