मासूम को न्याय दिलाने सड़कों पर उतरा कोरबा, प्रेस क्लब के आह्वान पर निकला कैंडल मार्च

      Date:

      • फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और दोषी को फांसी देने की उठी मांग, विभिन्न समाजों, संगठनों और शहरवासियों ने मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। रजगामार क्षेत्र में मासूम बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना को लेकर कोरबा में गहरा आक्रोश है। पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर कोरबा प्रेस क्लब के आह्वान पर कैंडल मार्च निकाला गया। इसमें पत्रकारों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाजों, संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में शहरवासियों ने हिस्सा लिया। सभी ने एक स्वर में मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और दोषी को फांसी की सजा देने की मांग उठाई।

          कोरबा प्रेस क्लब

          कार्यक्रम की शुरुआत कोरबा प्रेस क्लब स्थित तिलक भवन से हुई। यहां एकत्रित पत्रकारों और नागरिकों ने हाथों में जलती मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़ी तख्तियां लेकर ट्रांसपोर्टनगर चौक तक पैदल मार्च किया। इस दौरान लोगों ने मासूम बच्ची को न्याय दिलाने की मांग उठाई। ट्रांसपोर्टनगर चौक पहुंचने पर उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां रखकर दो मिनट का मौन धारण किया और दिवंगत बच्ची को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा माहौल गमगीन रहा। घटना को लेकर लोगों में दुख के साथ गहरा आक्रोश भी देखने को मिला। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से तेजी से पूरी की जाए, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऐसे जघन्य अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दोषी को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए कहा कि कानून का सख्त संदेश समाज तक पहुंचना जरूरी है।

          सामाजिक संगठनों और नागरिकों की व्यापक भागीदारी

          इस आयोजन में कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव, कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा सहित वरिष्ठ पत्रकार सुभाष अग्रवाल, दीपक कुमार जैन, नरेंद्र मेहता, राकेश श्रीवास्तव, देवेंद्र गुप्ता, सादिक शेख, राजेश कुमार और दीपक साहू शामिल हुए। महिला पत्रकार रेणु जायसवाल, प्रतिमा सरकार, आशा सिंह, निर्मला राठौर और आशा ठाकुर सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्यों ने भी भागीदारी निभाई। नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कटघोरा प्रेस क्लब के अजय धनोदिया, कुसमुंडा के पत्रकार ओम गभेल और सतपाल सिंह तथा बरपाली पत्रकार संघ से संजीव शर्मा, वीरेंद्र और लखन गोस्वामी भी मौजूद रहे। इसके अलावा आईएमए कोरबा से डॉ. अजय स्वर्णकार, श्रमिक नेता केदारनाथ अग्रवाल, अग्रवाल समाज से बजरंग अग्रवाल, साहू समाज के युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष खेमलाल साहू, उपाध्यक्ष श्याम साहू और पुष्पेंद्र साहू सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। यादव समाज, यूथ मुस्लिम कमेटी, जिला अधिवक्ता संघ, पूज्य सिंधी पंचायत, गुप्ता समाज, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स की कोरबा इकाई, गौसे आजम कमेटी, कर्मचारी-अधिकारी संगठनों, साहित्यिक संस्थाओं, जेसीज, वरिष्ठ नागरिक संघ और अखबार वितरक संघ के प्रतिनिधियों ने भी मार्च में भाग लिया।

          न्याय की मांग को लेकर एकजुट हुआ शहर

          कैंडल मार्च के माध्यम से कोरबा के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने मासूम बच्ची को न्याय दिलाने के लिए एकजुटता दिखाई। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पीड़िता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मांग की कि मामले में त्वरित कानूनी कार्रवाई हो और दोष सिद्ध होने पर कानून के अनुसार कठोरतम सजा दी जाए।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related