अभनपुर नगर पालिका अध्यक्ष पर अफसरों से अभद्रता का आरोप, पेमेंट को लेकर हुआ था विवाद, मामला दर्ज

      Date:

      • अधिकारियों ने गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने का लगाया आरोप; घटना का वीडियो भी सामने आया

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। अभनपुर नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे पर नगर पालिका के मुख्य अधिकारी नीलेश केरकेट्टा और उप अभियंता दुशांत चौहान से गाली-गलौज करने और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगा है। घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों की शिकायत पर अभनपुर पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

          अभनपुर नगर पालिका अध्यक्ष

          अधिकारियों के अनुसार घटना 13 अगस्त की है। नगर पालिका के काम के भुगतान को लेकर अध्यक्ष और अधिकारियों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि बिना काम किए भुगतान कराने के लिए दबाव बनाया गया। इसी दौरान अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ करीब 20 मिनट तक अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। शिकायत में अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि अध्यक्ष ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इतना ही नहीं, मारपीट करने के लिए डंडा मंगवाने की बात भी कही गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति डंडा लेकर आता हुआ दिखाई दे रहा है।

          मुख्य अधिकारी ने कहा- ऐसा व्यवहार पहले कभी नहीं हुआ

          नगर पालिका के मुख्य अधिकारी नीलेश केरकेट्टा ने बताया कि वे करीब सात वर्षों से नौकरी कर रहे हैं, लेकिन इस तरह की अभद्रता और अमानवीय व्यवहार का सामना उन्हें पहले कभी नहीं करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें नंगा करके मारने की धमकी दी गई और लगातार अपशब्द कहे गए। अधिकारी के मुताबिक, घटना के समय कार्यालय में महिलाएं भी मौजूद थीं। स्कूली बच्चों के सामने भी अपशब्द कहे जाने का आरोप है।

          अधिकारियों की शिकायत पर मामला दर्ज

          मुख्य अधिकारी नीलेश केरकेट्टा और उप अभियंता दुशांत चौहान की शिकायत पर अभनपुर थाने में नगर पालिका अध्यक्ष उत्रसेन गहिरवारे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। उत्रसेन गहिरवारे कांग्रेस से जुड़े हैं। मामले में उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। इससे पहले रायपुर नगर निगम के वीर सावरकर नगर वार्ड के कांग्रेस पार्षद संदीप साहू पर भी महिला अधिकारी से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा था। महिला अधिकारी की शिकायत पर पार्षद के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related