प्रगति बाजपेयी को रायपुर शहर और बरखा साहू को ग्रामीण की कमान
राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने नियुक्तियों को दी मंजूरी, बिलासपुर, दुर्ग, सरगुजा, सूरजपुर सहित कई जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस ने संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संगठनात्मक विस्तार के तहत महिला कांग्रेस की पहली नियुक्ति सूची जारी कर दी गई है। इसमें प्रदेश के 17 जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने इन नियुक्तियों को मंजूरी प्रदान की है। इसके बाद छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने नियुक्तियों की सूची जारी की। नई नियुक्तियों के माध्यम से संगठन ने विभिन्न जिलों में महिला नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की तैयारी की है।
जारी सूची के अनुसार रायपुर शहर की जिम्मेदारी प्रगति बाजपेयी को सौंपी गई है, जबकि रायपुर ग्रामीण की जिलाध्यक्ष बरखा साहू होंगी। इसी तरह बिलासपुर शहर में प्रीति पटनवार और बिलासपुर ग्रामीण में सीमा पांडे को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दुर्ग शहर की जिम्मेदारी प्रेमलता साहू तथा दुर्ग ग्रामीण की जिम्मेदारी योगिता चंद्राकर को दी गई है। जारी नियुक्ति सूची में सरगुजा जिले से अनीमा केरकेट्टा को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। सूरजपुर शहर की जिम्मेदारी लिली राजवाड़े और सूरजपुर ग्रामीण की जिम्मेदारी बबीता गुप्ता को सौंपी गई है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में आरती महोबिया, गरियाबंद में मंजू ध्रुव और बलौदाबाजार-भाटापारा में ललिता यादव को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर शहर से रूमा चटर्जी, कबीरधाम से अन्नपूर्णा चंद्राकर, रायगढ़ से संगीता गुप्ता, रिसाली (भिलाई नगर) से शशि सिन्हा और मुंगेली से उर्मिला यादव को संगठन की कमान सौंपी गई है।
महिला कांग्रेस को मजबूत करने की तैयारी
17 जिलों में नई नियुक्तियों को प्रदेश में महिला कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिलाध्यक्षों के सामने अब अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने, महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने और पार्टी की गतिविधियों को सक्रिय बनाने की जिम्मेदारी होगी। पहली सूची जारी होने के बाद संगठन में नई नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज होने की उम्मीद है।

