दूर-दराज के अंचलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनकर तत्काल समाधान की पहल, बुजुर्ग को श्रवण यंत्र तो बच्चों को बेहतर इलाज का मिला भरोसा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। शासन की सार्थकता तभी साबित होती है, जब आम नागरिकों की परेशानियों को समझकर उनके समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कदम उठाए जाएं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनदर्शन इसी सोच का उदाहरण बन रहा है। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचने वाले नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण की पहल की जा रही है। इससे शासन और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत हो रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कार्यशैली में सहजता और आत्मीयता दिखाई देती है। जनदर्शन में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। शासन की योजनाओं और विकास कार्यों के साथ आम नागरिकों के सुख, सम्मान और बेहतर भविष्य को महत्व देना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। जनदर्शन में कोरबा जिले के 83 वर्षीय परसराम राठौर की समस्या ने सभी का ध्यान खींचा। लंबे समय से सुनने में परेशानी झेल रहे परसराम राठौर को मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से भरोसा दिलाते हुए कहा, ‘बाबा, चिंता मत कीजिए।’ इसके बाद उन्हें तत्काल श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की पहल की गई। करीब तीन दशकों बाद स्पष्ट आवाजें सुन पाने की उम्मीद ने बुजुर्ग के जीवन में खुशी का नया अवसर पैदा किया। यह पहल बताती है कि जरूरतमंद व्यक्ति के लिए छोटी-सी सहायता भी कितनी बड़ी राहत बन सकती है।
अयांश और पार्थ के उपचार के लिए पहल
मुख्यमंत्री ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर भी संवेदनशीलता दिखाई। छह वर्षीय अयांश के पैरों के उपचार तथा तीन वर्षीय पार्थ साहू की आंखों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक पहल की गई। आर्थिक कठिनाइयों के कारण बच्चों का उपचार नहीं करा पाने वाले परिवारों के लिए शासन की ओर से मिला सहयोग उम्मीद की नई किरण बनता है। मुख्यमंत्री की पहल से इन बच्चों के उपचार और बेहतर भविष्य की दिशा में सहायता का भरोसा मिला है।
जशपुर की बेटी फरहीन की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता
जशपुर की फरहीन अपने पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक परेशानियों के बीच पढ़ाई जारी रखने के लिए संघर्ष कर रही थीं। जनदर्शन में उनकी समस्या सामने आने पर मुख्यमंत्री ने पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। यह सहयोग फरहीन के लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि विपरीत परिस्थितियों में अपने सपनों को पूरा करने के लिए भावनात्मक संबल भी है।
दिव्यांगों, जरूरतमंदों और प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री जनदर्शन में जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाते हैं। इसके साथ ही खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के लिए सहयोग का भरोसा भी दिया जाता है। मुख्यमंत्री का यह दृष्टिकोण केवल समस्याओं के तात्कालिक समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने और युवाओं की प्रतिभा को आगे बढ़ाने पर भी केंद्रित है।
जनदर्शन बन रहा शासन और जनता के बीच विश्वास का सेतु
सुशासन का अर्थ केवल योजनाओं का संचालन और विकास कार्यों को पूरा करना नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना है कि शासन की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक हो। जब नागरिक अपनी परेशानी सीधे सरकार के सामने रख पाते हैं और उनके समाधान के लिए पहल होती है, तब लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत होता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनदर्शन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। किसी बुजुर्ग को दोबारा सुनने की उम्मीद मिलना, किसी बच्चे को बेहतर उपचार का भरोसा और किसी बेटी को पढ़ाई जारी रखने के लिए सहायता मिलना ऐसी उपलब्धियां हैं, जिनका महत्व केवल आंकड़ों से नहीं आंका जा सकता। संवेदनशीलता, आत्मीयता और त्वरित समाधान की पहल के जरिए मुख्यमंत्री जनदर्शन आम नागरिकों की उम्मीदों को पूरा करने का माध्यम बन रहा है।
संविधान के आदर्शों से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर रही सरकार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

