गुजरात एटीएस ने असम निवासी मोहम्मद सहारुल इस्लाम को पकड़ा, एके-47 राइफल और 20 से अधिक कारतूस बरामद; मोबाइल में एयरफोर्स स्टेशन की तस्वीरें और वीडियो मिले
गुजरात (एजेंसी)। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने वडोदरा से प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध मोहम्मद सहारुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है। वह असम का रहने वाला बताया जा रहा है। एटीएस के अनुसार, आरोपी वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की तैयारी कर रहा था। उसके कब्जे से एक एके-47 राइफल और 20 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
एटीएस की जांच में आरोपी के मोबाइल फोन से वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन की तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। इसके अलावा मोबाइल में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी सामग्री भी बरामद हुई है। जांच एजेंसी को आशंका है कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर भी आतंकी हमले की फिराक में था। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी असम से बस और ट्रेन के रास्ते गुजरात पहुंचा था। वडोदरा में वह रेलवे स्टेशन के पास ठहरा हुआ था। एटीएस पिछले करीब छह महीने से उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद अब उसके संपर्कों और संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है।
जुलाई में गुजरात और मध्यप्रदेश से पकड़े गए थे आठ संदिग्ध
गुजरात एटीएस ने 3 जुलाई को जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आठ संदिग्धों को गुजरात और मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से गिरफ्तार किया था। इनमें दो की उम्र 18 और 19 वर्ष बताई गई थी। एटीएस के अनुसार, ये लोग गुजरात में संगठन का सक्रिय नेटवर्क तैयार करने की कोशिश कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद पांच अलग-अलग टीमों ने अभियान चलाया था। कार्रवाई के दौरान गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, नवसारी और पाटण के अलावा मध्यप्रदेश के देवास से गिरफ्तारियां की गई थीं। जांच में पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में रहने की बात भी सामने आई थी।
15 जुलाई को पांच संदिग्ध भी हुए थे गिरफ्तार
इससे पहले 15 जुलाई को गुजरात एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मॉड्यूल से जुड़े पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इन्हें पाटण जिले के सिद्धपुर तालुका स्थित खाडियाल गांव से पकड़ा गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कादीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खाली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन कार्डिया के रूप में हुई थी।
साल 2000 में मसूद अजहर ने बनाया था जैश-ए-मोहम्मद
जैश-ए-मोहम्मद पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन है, जिसकी स्थापना मसूद अजहर ने वर्ष 2000 में की थी। इस संगठन पर भारत सहित कई देशों में आतंकी हमलों में शामिल होने के आरोप हैं। इसका मुख्यालय पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर में बताया जाता है। मसूद अजहर को वर्ष 1994 में जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किया गया था। बाद में दिसंबर 1999 में इंडियन एयरलाइंस की उड़ान आईसी-814 के अपहरण के बाद बंधकों की रिहाई के बदले उसे भारत की हिरासत से छोड़ा गया था।
उधमपुर में मुठभेड़, जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी ढेर

